योगी आदित्यनाथ ने बजरंग बली को दलित कहा था
मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भगवान हनुमान को दलित कहने के बाद भाजपा के सांसद ने प्रतिक्रिया व्यक्त की है। मेरठ-हापुड़ क्षेत्र के सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने कहा है कि हनुमान वनवासी थे। हनुमान जी हमारे पूज्य हैं। उनकी अनुमति के बगैर श्री राम के दरबार में प्रवेश नहीं है। उनका इतना अधिकार भगवान के उपर है। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हनुमान को दलित कहने के वाक्य को भी स्पष्ट करने की कोशिश करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का यह कहना है कि श्री राम राजकुमार थे। चक्रवर्ती सम्राट के पुत्र थे। उन्होंने लंकापति रावण का पराभाव खत्म करने के लिए लोगों को एक-दूसरे से जोड़ा। यह भगवान हनुमान के सामान्य वर्ग के संपर्क के कारण संभव हुआ।
भगवान हनुमान वनवासी
भाजपा सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि इतिहास को पलटें तो भगवान हनुमान वनवासी हैं। इसका अर्थ यह है कि श्री राम ने शासकीय सत्ता का उपयोग करने के लिए नहीं अपितु रावण का पराभव जन सहयोग से किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के संदर्भ को लोग अलग-अलग नजरिए से देख रहे हैं, जबकि उनके कहने का संदर्भ यही है।