
मेरठ. भावनपुर थाना क्षेत्र में एक सनकी भाई ने अपनी बहन की गोली मारकर हत्या कर दी। लड़की का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने भाई के कहने पर कुत्तों के लिए रोटी नहीं बनाई। इससे गुस्साकर भाई ने बहन को गोली मार दी। जानकारी होने पर पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
खुद दी पुलिस को अपने गुनाह की जानकारी
थाना भावनपुर क्षेत्र की कैलाश वाटिका कालोनी में सुरेंद्र का परिवार रहता है। सुरेंद्र की मौत हो चुकी हैं। उनका छोटा बेटा आशीष बड़े भाई योगेंद्र के साथ प्रापर्टी डीलर का काम करता है। छोटी बहन पारुल ने हाल में पढ़ाई खत्म की है। एक और छोटी बहन है। आशीष ने गली मोहल्ले के करीब 20 कुत्ते पाल रखे हैं। हर रोज वह अपनी बहन से कुत्तों के लिए खाना बनवाता था। रोजाना की तरह सोमवार को भी आशीष ने अपनी बहन से कुत्तों के लिए रोटी बनाने के लिए कहा। लेकिन किसी अन्य काम में व्यस्त पारुल ने रोटी बनाने से इन्कार कर दिया। इससे गुस्साकर आशीष ने तमंचा निकालकर अपनी बहन को गोली मार दी। इससे पारुल की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी आशीष ने खुद पुलिस कंट्रोल रूम में कॉल करके अपनी बहन की हत्या की जानकारी दी। घटना के वक्त घर में आशीष और पारुल ही मौजूद थे।
शुरू से ही सनकी किस्म का है आशीष
गोली की आवाज सुनते ही घर के बाहर क्षेत्रवासियों की भीड़ जुट गई। इस दौरान किसी काम से घर के बाहर गई आशीष की मां सरोज भी वापस लौट आई। घर में जमीन पर पड़े बेटी के शव को देखते ही सरोज बेहोश होकर गिर गईं। आशीष को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस को परिजनों ने बताया कि वह शुरू से ही कुछ सनकी किस्म का रहा है। इससे पहले भी वह कई बार परिवार के लोगों पर हमला कर चुका है। पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद किया है।