मेरठ

यूपी में कांग्रेस सरकार बनाने का संकल्प लेकर निकाली तिरंगा यात्रा, कहा- 2022 में भाजपा को नकारेगी जनता

Highlights मेरठ से निकली कांग्रेस की तिरंगा यात्रा 100 किलोमीटर की यात्रा बागपत में पहुंचेगी कहा- भाजपा सरकार से आम आदमी है त्रस्त
2 min read
Feb 19, 2020
meerut

मेरठ। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 75 वीं वर्षगांठ के उपलक्ष में कांग्रेस की भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा में बुधवार को जिले के सैकड़ों कांग्रेसी नौचंदी मैदान से रवाना हुए। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने अगले विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता द्वारा भाजपा को सबक सिखाने और कांग्रेस का परचम लहराने का दावा किया।

बताते चलें कि भाजपा सरकार के विरोध में कांग्रेस द्वारा प्रदेश में चार स्थानों से भारत जोड़ो तिरंगा मार्च का आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार को हापुड़ से इस यात्रा का आगाज हुआ था। आज मेरठ के नौचंदी मैदान में कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष जाहिद अंसारी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता एकत्र हुए। हाथों में तिरंगा लेकर सड़कों पर निकले कांग्रेसियों ने शहर के लोगों को एकता और भाईचारे का संदेश दिया। इसी के साथ भाजपा पर हिंदू मुस्लिम के नाम की राजनीति करके प्रदेश की जनता को बरगलाने का आरोप लगाया। कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष जाहिद अंसारी ने दावा किया कि 2022 यूपी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता भाजपा की नीतियों को नकारते हुए कांग्रेस को सत्ता में लाएगी। यह तिरंगा यात्रा 100 किमी की दूरी तय करके बागपत में जाकर समाप्त होगी।

बता दें कि कांग्रेस की यह तिरंगा यात्रा प्रदेश भर में आज चार हिस्सों में निकाली जा रही है। पश्चिम उप्र में यह यात्रा हापुड़ से शुरू की गई है जो गुरूवार को बागपत में समाप्त होगी। महानगर अध्यक्ष जाहिद अंसारी ने कहा कि आज भाजपा सरकार से पूरी देश की जनता त्रस्त है। महंगाई अपनी चरम पर पहुंच गई है। गरीबों के घर से रसोई गैस गायब हो गई है। जो उज्जवला योजना गरीबों के लिए बनाई गई थी। वह महंगाई में गायब हो चली है। उन्होंने कहा कि आने वाला समय अब किसी अन्य पार्टी का नहीं कांग्रेस का है।

Published on:
19 Feb 2020 06:49 pm