
मेरठ। चीन में फैले कोरोना वायरस का असर अब बाजार पर तेजी से पडऩे लगा है। चाइनीज मोबाइल, एसेसरीज के साथ अब जेनरिक दवाएं, चाइनीज खिलौने, इलेक्टिकल आदि सामान के रेट भी सवा से डेढ़ गुना तक बढ़ गए हैं।
कोरोना वायरस के कारण कच्चा माल न आने से जेनरिक दवाओं के रेट पिछले महीने से इस महीने के बीच करीब 30 से 40 फीसदी बढ़े हैं। कच्चे माल की आवक कम होने से भी दाम लगभग 30 से 35 फीसदी तक बढ़े हैं। टेट्रासाइक्लिन-12, थर्माडॉल-20, निमेसुलाइड-167, पेंटा पाउडर-33, एमिकासिन-21, जेंटामाइसिन-15, डॉक्सीसाइक्लिन-16, क्लेव स्ल्वायड-38, क्लॉक्सासाइलिन-18, टिनिडाजोल-61 फीसदी की बढ़ातरी हुई है। दवाओं के रेट 30 से 40 फीसदी तक बढ़ गए हैं। पहले की जो दवाएं हैं, उसे भी कंपनियों ने 20 फरवरी तक खत्म करने का समय दिया है।
मेरठ कैमिस्ट एंड ड्रागिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष रजनीश कौशल ने बताया कि चीन में कोरोना वायरस का असर भारत में आर्थिक रूप से पड़ा है। भारत में दवाइयों और सर्जिकल के लिए कच्चा माल चीन से ही आता है। कोरोना वायरस के चलते ये कच्चा माल फिलहाल 15 दिन से बंद है। जिसके कारण यहां पर इसका काफी असर पड़ रहा है। सर्जिकल आइटम के दामों में जबरदस्त इजाफा हुआ है। उन्होंने बताया कि अभी और दामों में बढ़ोतरी होगी।
Published on:
19 Feb 2020 11:35 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
