
मेरठ। कोरोना वायरस (Corona Virus) को लेकर लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। स्वास्थ्य विभाग चीन (China) से लौटने वाले लोगों पर खासी निगरानी बनाए हुए है। चीन से लौटे अभी तक 40 लोगों पर स्वास्थ्य विभाग निगरानी रख चुका है, लेकिन हाल ही चीन से लौटे एक युवक में कोरोना वायरस के लक्षण मिलने से अफरातफरी मची हुई है। युवक में जुकाम, खांसी और बुखार के लक्षण कोरोनो जैसे मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग इस युवक पर निगरानी रखे हुए है और सेंपल जांच के लिए दिल्ली भेजा है।
सीएमओ डा. राजकुमार ने बताया कि युवक को खांसी, जुकाम और बुखार है, इसलिए उसका सेंपल भेजा गया है। उन्होंने बताया कि 22 लोगों की अभी भी निगरानी चल रही है। इनमें व्यापारी, छात्र, नौकरीपेशा और चीन घूमने गए लोग शामिल हैं। रोजाना इनके शरीर का तापमान, खांसी, जुकाम और गले के इंफेक्शन के बारे मं पूछा जा रहा है। इनमें से कोई भी बीमार नहीं है। इनमें चीन गए उन लोगों को भी शामिल किया गया है, जो वहां एयरपोर्ट तक भी पहुंचे। स्वास्थ्य विभाग अब तक 40 से ज्यादा लोगों की निगरानी बंद कर चुका है।
कोरोना वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने गाइडलाइन जारी की है। इसके मुताबिक जुकाम, खांसी या निमोनिया के लक्षण मिलने पर तत्काल जांच जरूरी है। लोगों से भीड़ से बचने, दिन में कई बार हाथ धोने, खांसने व छींकने के दौरान मुंह पर रुमाल रखने के लिए कहा गयाा है। यह कोरोना वायरस का सातवां स्ट्रेन है, जो पक्षियों और पशुओं से होते हुए व्यक्तियों में पहुंच गया। लोगों से सावधानी बरतने के लिए कहा गया है।
Published on:
19 Feb 2020 09:32 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
