मेरठ

रंगदारी न देने पर धारदार हथियार से हमला, सांप्रदायिक बवाल, देखें वीडियो

हिन्दू संगठनों ने थाने में किया प्रदर्शन, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

2 min read
Feb 06, 2019
meerut
रंगदारी न देने पर धारदार हथियार से हमला, सांप्रदायिक बवाल, देखें वीडियो

मेरठ। 24 घंटे के भीतर मेरठ में रंगदारी मांगने का दूसरा मामला सामने आया है। इस मामले में समुदाय विशेष के युवकों ने रंगदारी मांगी। रंगदारी न देने पर युवकों ने व्यापारी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया और फायरिंग कर दी। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण तुरंत सांप्रदायिक रूप ले गया। जिससे क्षेत्र में तनाव फैल गया। घटना थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र की है। तनाव को देखते हुए कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया।

मौके पर पहुंचे लोगों ने थाने पर हंगामा किया। हिंदू संगठन के लोगों ने कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पर हंगामा कर दिया। हमलावर युवकों के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है। देर रात पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र के प्रह्लादनगर मोहल्ले के राहुल से साजिद नामक युवक ने डेढ़ लाख रूपये की रंगदारी मांगी थी। राहुल द्वारा रंगदारी न देने पर उसको भुगत लेने की धमकी दी थी। मंगलवार की दोपहर साजिद ने राहुल को प्रहलादनगर के पास पकड़ लिया और अपने साथियों के साथ उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। राहुल को पिटता देख दूसरे पक्ष के लोग मौके की ओर भागे तो हमलावर फायरिंग करते हुए फरार हो गए। इसी बीच शाम करीब 6.30 राहुल अपने दोस्त के साथ बाइक पर घर जा रहा था। रामलीला मैदान के पास ही साजिद और उसके साथियों ने राहुल पर फिर से गोली चला दी। राहुल और उसका दोस्तघायल हो गए।

गोली की आवाज सुनकर हमलावरों को पकड़ने के लिए भीड़ मोके की ओर लपकी। लोगों से घिरा देख हमलावर फायरिंग करते हुए फरार हो गए। दो बार हमले की घटना से क्षेत्र में तनाव फैल गया। लोगों ने इसकी सूचना भाजपा और हिन्दू संगठन के लोगों को दी। जिस पर भारी संख्या में लोग थाने पर एकत्र हो गये। सूचना पर लिसाड़ी गेट और कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला पहुंचे और घायलों को अस्पताल भिजवाया। इसके बाद इलाके में तनाव फैल गया। भाजपाइयों ने थाने पर हंगामा कर दिया और आरोपियों की धरपकड़ की मांग की। इसी बीच लोगों ने बाजार बंद करा दिया। सीओ कोतवाली ने किसी तरह मामला संभाला। सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला ने बताया कि दोपहर को बाइक टकराने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद साजिद और राहुल के बीच मारपीट हुई थी। कार्रवाई की जा रही है। मामला शांत है।

Published on:
06 Feb 2019 11:07 am