मेरठ के सरधना में गंगनहर पटरी पर युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। युवक का क्षत-विक्षत शव गंगनहर पटरी के पास मिला। पूरी रिपोर्ट यहां पढ़ें।
मेरठ में गंगनहर पटरी पर युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव का चेहरा खून से सना हुआ था और गर्दन पर गहरे जख्म के निशान थे। आशंका है कि युवक की कहीं और हत्या करने के बाद आरोपी शव को यहां फेंककर फरार हो गए। पुलिस युवक की शिनाख्त कराने में जुटी हुई है।
मामला सरधना थाना क्षेत्र के भलसोना गांव का है। यहां के किसान गुरुवार सुबह रोजाना की तरह अपने खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गंगनहर पटरी के किनारे उनकी नजर एक युवक के शव पर पड़ी। पास जाकर देखा तो युवक के गले पर काटने का निशान था। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही सरधना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया तो पाया कि युवक की हत्या गला रेतकर की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। विशेषज्ञों ने शव के आसपास से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और मृतक की पहचान करने की कोशिश की, लेकिन काफी देर तक चले प्रयासों के बाद भी शिनाख्त नहीं हो पाई।
पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आ रही है कि युवक की हत्या किसी दूसरे स्थान पर की गई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को वाहन में लेकर यहां पहुंचे और गंगनहर पटरी के किनारे फेंक कर फरार हो गए। मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष के आसपास है।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, मेरठ और आसपास के जिलों के सभी थानों को मृतक का हुलिया और फोटो भेज दी गई है। इसके अलावा सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स का भी सहारा लिया जा रहा है ताकि जल्द से जल्द शिनाख्त हो सके।