मेरठ

गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला मेरठ, दो महिला समेत आधा दर्जन घायल

छेड़छाड़ का विरोध करने पर दर्जनों युवकों ने एक महिला के घर पर बोला हमला
2 min read
• •
Updated: 1 Oct 2018, 9:16 AM IST
meerut
गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला मेरठ, दो महिला समेत आधा दर्जन घायल

मेरठ. शहर के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में खुलेआम फायरिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रात के सन्नाटे को चीरती हुई कई राउंड फायरिंग ने इलाके में दहशत फैला दी। जानकारी के मुताबिक मामला छेड़छाड़ का है। बताया जा रहा है कि शनिवार को लिसाड़ीगेट क्षेत्र में छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक युवक ने अपने दर्जनों साथियों के साथ एक महिला के घर पर हमला बोल दिया। लाठी-डंडों, धारदार हथियारों से लैस हमलावराें ने कई राउंड फायरिंग की। इसमें दो महिलाओं सहित आधा दर्जन लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेते हुए एक दर्जन से अधिक हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

दरअसल, उमर गार्डन निवासी मोहसिन की पत्नी रोजी के अनुसार सुबह 9 बजे वह अपनी दुकान में बैठी थी। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले जावेद ने उससे छेड़छाड़ कर दी। मोहसिन ने विरोध किया तो जावेद ने उसे भुगत लेने की धमकी दी और फरार हो गया। रोजी के मुताबिक करीब तीन बजे लाठी-डंडों, तमंचों और धारदार हथियारों से लैस जावेद और उसके साथी जाहिद, माजिद और आबिद सहित दर्जनों युवकों ने उसके घर पर धावा बोल दिया। युवकों ने घर पर पहुंचते ही फायरिंग शुरू कर दी, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई। फायरिंग की आवाज सुन लोग सहम गए। किसी की हिम्मत घर से बाहर निकलने की नहीं हुई। आरोपियों ने घर में घुसते ही घर में मौजूद सभी लोगों पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने सभी लोगों को पीटते हुए लहुलुहान कर दिया। वहीं, बदनीयती से रोजी के कपड़े तक फाड़ डाले।

उधर, गोलियां चलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और उसके बाद पुलिस के पहुंचने की सूचना पर खुद को घिरता देख आरोपी फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने मौके से कारतूस के खाली खोके बरामद किए हैं। हमले में घायल रोजी व उसकी सास कदीरन, पति मोहसिन, देवर शाहबाज, सलमान और पड़ोसी अय्यूब को अस्पताल में भर्ती कराया है। पीड़िता द्वारा दी गई तहरीर पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी जावेद सहित एक दर्जन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एसओ लिसाड़ीगेट ने बताया कि आरोपी जावेद को तमंचे सहित गिरफ्तार कर लिया गया है।

Updated on:
1 Oct 2018, 9:16 AM IST
Published on: