
मेरठ।दीपिका पादुकोण की पद्मावती के बाद अब सलमान खान की फिल्म टाइगर जिंदा है विवादों में घिर गई है। फिम्ल को लेकर वाल्मिकी समाज में जबरदस्त आक्रोश है जिसका नतीजा सड़कों पर देखने को मिल रहा है। हालांकि पद्मावती की तरह टाइगर जिंदा है फिल्म में कोई विवादित सीन या डायलॉग तो नहीं है। लेकिन फिल्म की शुटिंग के बाद अभिनेत्रा सलमान खान की ओर से वाल्मिकी समाज को दिया गया एक विवादित बयान अब उनके गले की फांस बन गया। यही वजह है कि प्रदेश में फिल्म पर रोक लगाने की मांग की है। हालांकि इस दौरान विरोध करने वालों में श्रेय लेने की होड़ भी दिखाई दी। श्रेय लेने की होड़ इतनी बढ गई कि एक पक्ष ने हथियार निकाल लिए और सलमान की स्टाइल में ही फायरिंग करता हुआ सरेराह सबको धमकाने लगा। नतीजा ये रहा कि शनिवार रात हुई इस फायरिंग में एक युवक को गोली लग गई और वो गंभीर रूप से घायल हो गया।
क्या था मामला?
दरअसल शनिवार को मोहल्ला खाकरोबान के वाल्मीकि समाज के लोगों ने अभिनेता सलमान खान का पुतला फूंका। आरोप है कि मोहनवीर नामक एक शख्स इसका पूरा श्रेय खुद लेना चाह रहा था। जिसको लेकर दूसरा पक्ष हनी भी सामने आ गया। मोहनवीर पक्ष का आरोप है कि हनी पक्ष के कुछ युवकों ने हथियार निकाल लिए और रात के समय सरेआम मोहल्ले में लेकर टहलने लगे। वो सभी सलमान की स्टाइल में बात कर रहे थे और फायरिंग भी की। इसी दौरान दूसरा पक्ष भी हथियार निकाल लाया और उसने भी फायरिंग शुरू कर दी। जिस पर राह चलते एक युवक बबली को गोली लगी और वह घायल हो गया।
फायरिंग के बाद मचा बवाल
वहीं घटना की जानकारी जब घायल बबली के परिजनों को लगी तो दूसरे समाज के लोग एकत्र होने लगे। मामले की जानकारी पुलिस को लगी तो मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को थाने पर ले पहुंची और दोनों पक्ष एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप करने लगे। वहीं एसओ धर्मेद्र सिंह ने बताया कि अभी मामले की जांच की जा रही है। जिसके बाद आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।