पीड़िता को पुलिस ने थाने से भगाया
खेकड़ा (बागपत). उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा है। योगी सरकार के लाख वादों और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के दावों के बीच महिलाएं और बच्चियों के खिलाफ छेड़छाड़, दुष्कर्म और हत्या के मामले रुकते नजर नहीं आ रहे हैं। बुलंदशहर के बाद अब बागपत जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। खेकड़ा थाना क्षेत्र में दबंगों ने एक महिला को पहले घर से अपहरण कर लिया। इसके बाद चलती कार में तीन लोगों ने बारी-बारी से गैंगरेप किया। इसके बाद महिला को सड़क पर फेंककर आरोपी फरार हो गए। इस मामले में सबसे दुखद बात ये है कि जब पीड़ित महिला थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत की तो पुलिस ने केस दर्ज करने के बजाए महिला को थाने से भगा दिया। जब महिला परिजनों के साथ एसपी ऑफिस पहुंची, तब जाकर एसपी की दखल के बाद महिला की रिपोर्ट लिखी गई।
महिला का आरोप है कि तीन युवक उसके घर आए और कार में अगवा कर ले गए। उसके बाद तीनों युवकों ने महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद इन दबंगगों ने गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया। गैंगरेप करने के बाद आरोपियों ने महिला को खेकड़ा स्टेशन के पास कार से नीचे फेंककर फरार हो गए। इसके बाद महिला थाने पहुंची और स्थानीय पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। स्थानीय पुलिस ने जब महिला की फरियाद नहीं सुनी तो महिला अपने परिजनों के साथ बागपत एसपी ऑफिस पहुंची और एसपी बागपत से पूरे मामले की शिकायत कर कार्रवाई की गुहार लगाई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए बागपत एसपी जयप्रकाश ने खेकड़ा थाना पुलिस को मुकदमा दर्ज कर जांच करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने मीडिया से भी इस बात की पुष्टि की है कि महिला ने एक एप्लीकेशन में दी। उसकी जांच की जा रही है। महिला ने जिन लोगों पर आरोप लगया है। वे महिला के ससुराल के आस पास के ही लोग हैं। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। महिला के बयान के आधार पर जांच में जो लोग दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी ।
महिला खेकड़ा थाना क्षेत्र के कस्बे की रहने वाली है। महिला की शादी मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर में हुई है। महिला शनिवार को अपने मायके आई हुई थी। ये वारदात उनके मायके में ही घटी। यहां 3 लोगों ने उसे अगवा कर लिया और उसके साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया। महिला का आरोप है कि ससुरालियों के साथ गैंगरेप करने वाले आरोपियों की रंजिश चल रही है। इसी कारण उसे अगवा कर उन्होंने गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया। महिला ने तीनों आरोपियों के नाम पुलिस को बता कर कार्रवाई की गुहार लगाई है। महिला ने आरोपी की शिनाख्त आसिफ, तौसीफ, रिजवान के रूप में की है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले में जांच के बाद कार्रवाई की बात कर रही है।