मेरठ

कैराना उपचुनाव से पहले भाजपा नेता के बेटे की इस करतूत से पार्टी हुई शर्मसार

भाजपा जिलाध्यक्ष संजय खोकर के बेटे की छेड़छाड़ से खौफजदा युवती घर में कैद होने को हुई मजबूर
2 min read
• •
Updated: 10 May 2018, 3:12 PM IST
BJP

बागपत. कठुआ में मासूम से गैंग रेप के दोषियों का बचाव और उन्नाव गैंग रेप के दोषी विधायक पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप झेल रही भाजपा के लिए कैराना-नूरपुर उपचुनाव से पहले एक और बुरी खबर आई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिला बागपत में भाजपा जिलाध्यक्ष संजय खोकर के बेटे पर एक युवती से छेड़छाड़ का आरोप लगा है। आरोप यह भी है कि भाजपा नेता के बेटे ने इसके बाद युवती के परिवार के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी भी दी है। हद तो तब हो गई कि इस भाजपा नेता के दबंग बेटे की वजह से युवती घर में कैद होने को मजबूर हो गई, लेकिन पुलिस कार्रवाई करने गुरेज करती रही। जब मामला ज्यादा ही गर्म हो गया, तब जाकर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि, अभी तक मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

छात्रा को छेड़ने का लगा आरोप
मामला बागपत जनपद के छपरौली थाना क्षेत्र का है। यहां पर भाजपा जिलाध्यक्ष संजय खोकर के बेटे अक्षय उर्फ अक्की पर खुलेआम गुंडई करने का आरोप लगा है। भाजपा जिलाध्यक्ष के बेटे पर एक छात्रा को छेड़ने और विरोध करने पर उसके परिजनों के साथ मारीपट करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि इस डर से छात्रा ने स्कूल जाना भी बंद कर दिया है। आरोप है कि छात्रा के घर में चिटि्ठयां फेंके जा रहे थे, जिसका विरोध करने पर पीड़ित परिवार के साथ मारपीट की गई। छात्रा के पिता का कहना है कि कुछ दिन से उनके घर पर कोई आपत्तिजनक पत्र फेंक रहा था।

पीड़िता के पिता ने जब इसकी शिकायत पुलिस को दी तो पुलिस ने आरोपी का पता लगाने के लिए कहा। जब उन्होंने पता लगा लिया तो कुछ युवकों के साथ भाजपा नेता का बेटा उनकी दुकान पर पहुंचा और उनके बेटों के साथ मारपीट की। इसके बाद थाने से आए पुलिसकर्मी उन्हें और आरोपियों को थाने ले गए। वहां उन पर समझौता करने का दबाव बनाया गया और आरोपियों को छोड़ दिया गया।

दबाव बढ़ने पर पुलिस ने दो के खिलाफ किया मुकदमा दर्ज

इस मामले में एसपी बागपत जयप्रकाश का कहना है कि पुलिस ने भाजपा जिलाध्यक्ष के बेटे समेत दो अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जल्द ही गिरफ्तारी भी कर ली जाएगी। वहीं, एसओ छपरौली विजय कुमार का कहना है कि दोनों ही पक्षों की तरफ से तहरीर दी गई थी और उन्होंने समझाैता कर लिया था। एक पक्ष में मारपीट की तहरीर दी है, जिसमें उसने समझौता लिख दिया था। उधर,भाजपा जिलाध्यक्ष संजय खोकर ने अपने बेटे को निर्दोश बताते हुए इसे राजनीति से प्रेरित बताया है। उनका कहना है कि पुलिस ने झूठा मुकदमा दर्ज किया है। इस बीच पीड़त परिजन गांव छोड़ने की तैयारी में है।

Published on: