मेडिकल थाना इलाके के कुटी चौराहे के पास हरि कृष्ण पब्लिक स्कूल केंद्र के पास लगा था भाजपा का हाेर्डिंग
मेरठ। जनपद में बुधवार को नगर निकाय चुनाव के प्रथम चरण का मतदान हो रहा है। इस बीच परतापुर थाना क्षेत्र के जैनपुर गांव के ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया है। गुस्साए लोगों ने किसी को मतदान केंद्र के भीतर नहीं जाने दिया। उनके साथ चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी और ग्रामीण लोग भी थे। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक लापता व्यापारी की बरामदगी नहीं हो जाती, वे मतदान का बहिष्कार ही करेंगे। यहां चार दिन से लापता व्यापारी का पुलिस अभी तक सुराग नहीं लगा पाई है। वहीं, सुबह शास्त्री नगर में बूथ नंबर 601 में ईवीएम खराब होने पर हंगामा हुआ। बताया जा रहा कि वहां करीब 30 मिनट से ईवीएम खराब है। इसके अलावा वार्ड 42 के देवपुरी बूथ पर पोलिंग एजेंट के बूथ पर अंदर बैठने को लेकर भी हंगामा हुआ। मेडिकल थाना इलाके के कुटी चौराहे के पास हरि कृष्ण पब्लिक स्कूल केंद्र के पास ही भाजपा का हाेर्डिंग लगा था। इस पर वोट डालने पहुंचे सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि प्रशासन को लगता है कि अगर यह आचार संहित का उल्लंघन है तो उसको हटवाना चाहिए था।
कई बार कर चुके हैं थाने का घेराव
दरअसल, परतापुर में चार दिन से एक व्यापारी लापता है। इसको लेकर व्यापारी के परिजन और ग्रामीण कई बार थाना परतापुर का घेराव कर चुके हैं। महिलाएं थाने में डेरा डालकर बैठ गई थी और बरामदगी की मांग को लेकर जमकर हमांगा किया था। परिजनों ने व्यापारी के दोस्त पर अपहरण का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी। दोस्त को हिरासत में लेकर पुलिस टीम को व्यापारी की तलाश में दिल्ली और गाजियाबाद तलाश करने के लिए भेज दिया गया था। व्यापारी का पता न चलने पर यहां के लोगों ने चुनाव बहिष्कार का फैसला किया।
बूथ के सामने बैठ गए ग्रामीण
मूलरूप से गांव जैनपुर निवासी अनिल कुमार शताब्दी नगर के सेक्टर पांच में रहते हैं। रिठानी रोड पर उनकी बिजली की दुकान है। परिजनों के मुताबिक, पंचवटी निवासी गौरव वर्मा अनिल का दोस्त है। गौरव पर अनिल के छह लाख रूपये उधार हैं। 16 नवंबर की सुबह गौरव घर से अनिल को साथ ले गया था तब से अनिल लापता है। परिजनों ने अनिल की बरामदगी की न होने पर चुनाव बहिष्कार की धमकी दी थी। बुधवार सुबह जब मतदान प्रक्रिया प्रारंभ हुई तो गांव के लोग और लापता व्यापारी के परिजन बूथ के सामने जमकर बैठ गए और चुनाव बहिष्कार कर व्यापारी की बरामदगी की मांग करने लगे। इस दौरान उन्होंने किसी को मतदान केंद्र के भीतर नहीं जाने दिया। मौके पर पहुंचे आलाधिकारियों ने परिजनों को समझाया लेकिन उन्होंने उठने से मना कर दिया। थानाध्यक्ष रधुराज सिंह का कहना है कि बरामदगी के हर संभव प्रयास चल रहे हैं। व्यापारी को शीध्र ही बरामद कर लिया जाएगा। मतदान का बहिष्कार करने वाली घटना से आलाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।