मेरठ

Lok Sabha elections: पश्चिम यूपी में भाजपा ने फिट किया जातिगत फार्मूला, नाराज त्यागी-जाट और ठाकुर को साधने की कोशिश

BJP Political News: भाजपा ने अपने जिला अध्यक्षों और महानगर अध्यक्षों की घोषणा कर दी है। इसी के साथ पश्चिम ये पूरब तक भाजपा ने जिला अध्यक्षों और महानगर अध्यक्षों की ताजपोशी में लोकसभा चुनाव 2024 से पहले हर जिले में जातिगत फार्मूला फिट किया है।

2 min read
Sep 15, 2023
Lok Sabha elections: पश्चिम यूपी में भाजपा ने फिट किया जातिगत फार्मूला, नाराज त्यागी-जाट और ठाकुर को साधने की कोशिश

BJP Political News: पश्चिम यूपी की जाट बाहुल्य बेल्ट में इन दिनों किसान भाजपा सरकार से नाराज चल रहे हैं। भाजपा ने आज बहुप्रतीक्षित जिला अध्यक्षों और महानगर अध्यक्षों की सूची जारी कर पश्चिम यूपी की नाराज बिरादरी को मनाने की कोशिश की है। भाजपा नेतृत्व का मानना है कि पश्चिम यूपी में अगर जाट, त्यागी और ठाकुर बिरादरी नाराज हुई तो आने वाले लोकसभा चुनाव 2024 पार्टी को भारी पड़ सकते हैं। वैसे भी उपचुनाव में मिली हार और इंडिया गठबंधन की पश्चिम यूपी में मजबूत होती जड़ों से भाजपा नेतृत्व के चेहरे पर शिकन है। इसी कारण से भाजपा ने जब आज जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्षों की सूची जारी की तो इसमें सभी बिरादरी को नेतृत्व देने की पूरी कोशिश की गई है।

भाजपा ने नोएडा के गालीबाज त्यागी प्रकरण से नाराज चल रहे त्यागी समाज को साधने के लिए सहारनपुर महानगर में पुनीत त्यागी को अध्यक्ष बनाया हैं। भाजपा यूपी में 2019 के लोकसभा चुनाव में 14 लोकसभा सीटों पर चुनाव हार गई थी। भाजपा की नजर अपनी जीती हुई सीटों पर तो है ही इसी के साथ हारी इन 14 सीटों के लिए भी भाजपा नई रणनीति बना रही है।

पश्चिम की सभी बिरादरी को साधने की कोशिश
जिले में शीर्ष पदाधिकारियों की ताजपोशी भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम में सभी जातीय समीकरण को साधने की कोशिश की है। भाजपा ने जिन जिलों में जिला अध्यक्षों की सूची जारी की है, उसमें जाट, त्यागी, ठाकुर, दलित, पिछड़ा, अति पिछड़ा, ब्राह्मण, गुर्जर, वैश्य के अलावा अल्पसंख्यक को भी जगह दी गई है। 19 जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष की सूची में दो जाट, दो गुर्जर, एक त्यागी, दो ब्राह्मण, चार ठाकुर, एक दलित, एक अति पिछड़ा, दो पिछड़ा, दो सैनी, एक जैन और एक वैश्य को टीम में शामिल किया है।

इनमें रामपुर में दलित बिरादरी से हंसराज पप्पू को जिम्मेदारी सौंपी गई है। संजय शर्मा को मुरादाबाद महानगर में अध्यक्ष का पद मिला है। मुरादाबाद में जिलाध्यक्ष आकाश पाल को बनाया है जो कि अति पिछड़ा समाज से आते हैं। अमरोहा में उदय गिरी गोस्वामी पिछड़ा, बिजनौर में भूपेंद्र चौहान ठाकुर बिरादरी से हैं। त्यागी समाज को साधने के लिए सहारनपुर महानगर में पुनीत त्यागी को अध्यक्ष बनाया हैं। सहारनपुर जनपद में महेंद्र सैनी और मुजफ्फरनगर में सुधीर सैनी को जिम्मेदारी दी हैं।

बागपत में वेदपाल उपाध्याय पिछड़ा समाज से हैं। शामली में तेजेंद्र निर्वाल जाट समाज से हैं। गाजियाबाद महानगर में संजीव शर्मा ब्राह्मण, गाजियाबाद जनपद में सतपाल प्रधान गुर्जर समाज से हैं। नोएडा महानगर में मनोज गुप्ता वैश्य, गौतमबुधनगर जनपद में गजेंद्र मावी गुर्जर, बुलंदशहर में विकास चौहान ठाकुर समाज से हैं।

संभल में हरेंद्र सिंह जाट और हापुड़ जनपद में नरेश तोमर ठाकुर समाज से हैं। मेरठ जनपद में शिवकुमार राणा ठाकुर और महानगर अध्यक्ष सुरेश जैन ऋतुराज जैन अल्पसंख्यक समाज से हैं। इस तरह भाजपा ने पश्चिम में सभी जातिगत बिरादरी समीकरण साधने की कोशिश की है।

Published on:
15 Sept 2023 06:52 pm
Also Read
View All