शराब ठेके से कैश लेने आई वैन से 13 लाख रुपये लूटे, बैंक के स्‍ट्रांग रूम की दीवार तोड़कर अंदर पहुंचे चोर
मेरठ। शनिवार को मोहिउद्दीनपुर शुगर मिल आए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच से पुलिस की पीठ थपथपाई और उनका उत्साहवर्धन करते हुए यह भी बोल गए कि अपराधियों की जगह या तो ऊपर होगी या फिर नीचे जेल में। इसके अलावा वे और कहीं टिक नहीं पाएंगे लेकिन मुख्यमंत्री के जाने के करीब छह घंटे के भीतर ही बदमाशों ने शहर में जो कहर बरपाया, उससे ठंड में खाकी हांफती नजर आई। शनिवार रात में करीब 9 बजे से 12 बजे तक हालात ऐसे हो गए कि बदमाश आगे-आगे और पुलिस उनके पीछे-पीछे थी। इसके बाद भी पुलिस के पास हाथ मलने के सिवा कुछ नहीं रहा।
बदमाशों ने लूटे 13 लाख रुपये
पहली घटना बदमाशों ने मोहनपुरी नाले के पास स्थित शराब के ठेके के पास की। इसमें रात करीब 10 बजे ठेके से कैश लेने आई वैन में रखे 13 लाख रुपये बदमाशों ने लूट लिए। बाइक सवार बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम देने के बाद फायरिंग भी की। जवाब में शराब कंपनी के कर्मचारियों ने भी बदमाशों पर फायरिंग की लेकिन वे फरार हो गए। पोंटी चड्ढा ग्रुप की शराब कंपनी एक्यूरेट फूड्स लिमिटेड के कर्मचारी अशोक कुमार, आदेश कुमार और शिव कुमार शराब के ठेकों से कैश एकत्र करने का कार्य करते हैं। 10 बजे ये लोग बुलेरो से शराब का कैश एकत्र कर मोहनपुरी नाले के पास स्थित ठेके पर पहुंचे, जहां पर सेल्समैन ने करीब दो लाख रुपये कैश के दिए। इतने में वहां पर पहले से मौजूद करीब आठ-दस बदमाशाें ने गाड़ी में तोड़फोड़ और फायरिंग करते हुए 13 लाख रुपये लूट लिए। घटना के बाद पीड़ितों ने डायल 100 को सूचना दी, जिस पर पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे।
बैंक का स्ट्रांग रूम तोड़ा
इसके बाद शनिवार रात को ही नवीन मंडी स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में बदमाशों ने स्ट्रांग रूम की दीवार तोड़कर कैश चाेरी करने का प्रयास किया। सिक्योरिटी सिस्टम इलेक्ट्राॅनिक होने के कारण सायरन बज उठा और चोर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बैंक की घेराबंदी की लेकिन बदमाश अंधेरे का लाभ उठाकर भाग गए। बदमाश बैंक का एसी उखाड़कर भीतर घुसे और स्ट्रांग रूम की दीवार को तोड़ते हुए उस तक पहुंचने की कोशिश की। जिस समय चोर बैंक के भीतर घुसे, उस समय बिजली नहीं थी, जिस कारण सीसीटीवी कैमरे चालू नहीं थे।
एसएसपी ने कहा, सूचना मिली है
एसएसपी मंजिल सैनी का कहना है कि शराब कंपनी के कर्मचारियों से लूट की सूचना मिली है। कितनी रकम है, इसकी जानकारी की जा रही है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।