Meerut News: मेरठ में दुष्कर्म के प्रयास में असफल होने पर आरोपियों ने पीड़िता के घर में आग लगा दी। आसपास के लोगों ने किसी तरह से आग पर काबू पाया। पीड़ित ने थाने में शिकायत की है।
Meerut News: मेरठ के थाना लिसाड़ीगेट क्षेत्र में बुधवार देर रात दुष्कर्म के प्रयास मामले की शिकायत करने पर आरोपियों ने पीड़िता के घर में आग लगा दी। इससे परिवार दहशत में आ गया। आसपास के लोगों की सहायता से किसी तरह से आग पर काबू पाया जा सका। लेकिन तब आधा मकान जल चुका था। लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र की कालोनी में महिला अपनी बहन के घर आई थी। देर शाम बहन नाश्ते के लिए सामान लेने दुकान पर चली गई। इसी बीच कालोनी के रहने वाले फरदीन, रियाजुल और शादान घर में घुस आए। आरोपियों ने महिला से छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला की बहन दुकान से घर पहुंची तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। रात में महिला का पति घर लौटा तो दोनों बहनों ने पूरा घटनाक्रम बताया। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पीड़िता परिजनों के साथ लिसाड़ीगेट थाने पहुंची।
रात करीब 12 बजे जब पीड़िता थाने पर तहरीर लिख रही थी तभी आरोपियों को इसकी भनक लग गई। उन्होंने महिला के घर में आग लगा दी। पता चलने पर परिजन घर पहुंचे और पड़ोसियों की मदद से आग बुझाई। तब तक घर और सामान जल चुका था। इसके बाद परिजन फिर थाने पहुंचे और आरोपियों को नामजद करते हुए दुष्कर्म के प्रयास और घर में आग लगाने की तहरीर दी। दोनों पक्ष मुस्लिम हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोप है कि रियाजुल, फरदीन और शादान घर में घुसे थे और महिला से छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला की बहन दुकान से घर पहुंची तो आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। रात में महिला का पति घर लौटा तो दोनों बहनों को लेकर थाने रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचा। इस पूरे प्रकरण पर सीओ कोतवाली अमित राय का कहना है कि पुलिस को मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।