प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेरठ के शताब्दीनगर स्टेशन से नमो भारत और मेरठ मेट्रो को आज हरी झंडी दिखाएंगे। जिससे मेरठ-दिल्ली एनसीआर कनेक्टिविटी मजबूत होगी। यात्रा समय घटेगा। पीएम स्कूली बच्चों संग सफर कर जनसभा को संबोधित करेंगे।
मेरठ और दिल्ली-एनसीआर के लिए आज का दिन ऐतिहासिक बन गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर 12:30 बजे शताब्दीनगर स्टेशन से नमो भारत ट्रेन और मेरठ मेट्रो को हरी झंडी दिखाकर क्षेत्र को आधुनिक रैपिड ट्रांजिट प्रणाली की सौगात देंगे। यह परियोजना क्षेत्रीय कनेक्टिविटी के नए युग की शुरुआत मानी जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शताब्दीनगर स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में दोनों ट्रेनों का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही मेरठ दुनिया के उन चुनिंदा शहरों में शामिल हो गया है। जहां एक ही ट्रैक पर हाई-स्पीड नमो भारत और मेट्रो ट्रेन संचालित होंगी। यह तकनीकी समन्वय शहरी परिवहन के क्षेत्र में एक बड़ा प्रयोग माना जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी स्कूली बच्चों के साथ मेट्रो में यात्रा भी करेंगे। और उनसे संवाद करेंगे। इसके बाद दोपहर 1 बजे मेरठ साउथ स्टेशन के निकट आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। नमो भारत ट्रेन के शुरू होने से मेरठ और दिल्ली-एनसीआर के बीच यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी। जबकि मेरठ मेट्रो शहर के भीतर आवागमन को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाएगी। इस परियोजना से व्यापार, रोजगार और शहरी विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।