
Meerut News: मेरठ में बड़े भाई की हत्या करने वाले बीएसएफ के जवान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से तमंचा बरामद किया है। मेरठ के थाना बहसूमा क्षेत्र में हुई विपिन की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी छोटे भाई अरविंद भाटी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से तमंचा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी बीएसएफ के जवान अरविंद भाटी ने स्वीकार किया कि उसने संपत्ति के विवाद में अपने बड़े भाई की गोली मारकर हत्या की थी। आरोपी बीएसएफ जवान अरविंद भाटी छुट्टी पर घर आया हुआ है। उसका अपने परिवार से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था।
बहसूमा थाना क्षेत्र के अकबरपुर सादात गांव निवासी ऋषिपाल के बेटों विपिन और अरविंद के बीच संपत्ति को लेकर विवाद था। ऋषिपाल ने अपनी सारी संपत्ति छोटे पुत्र अरविंद के नाम करने की बात कही थी। छोटे भाई प्रवीण के बच्चों की परवरिश कर रहे विपिन को यह बात नागवार गुजरी। उसने विरोध किया तो दोनों के बीच विवाद हुआ। ऋषिपाल की 32 बीघा जमीन है। उसके मझले बेटे प्रवीण की पांच साल पहले बीमारी के कारण मौत हो गई थी। कृषि कार्य ऋषिपाल का बड़ा पुत्र विपिन देखता था। इसी के साथ वह छोटे भाई प्रवीण की दो पुत्री और एक पुत्र की भी देखभाल करता था। जबकि बीएसएफ में तैनात छोटा भाई अरविंद आसाम में तैनात था।
बताया जाता है कि अरविंद 21 अगस्त को छुट्टी पर घर आया था। दोनों भाइयों के बीच संपत्ति को लेकर विवाद हुआ। जिस पर गांव में पंचायत भी हुई थी। जिसमें रिश्तेदार भी आए थे। लेकिन काफी प्रयास के बाद कोई नतीजा नहीं निकला। इसके बाद अरविंद फिर से छुटटी पर आया। इस दौरान अरविंद ने संपत्ति विवाद में घर के घेर में बनी पशुओं की खोर, बरामदा आदि तोड़ दिया था। जवान ने भाई से विवाद के बाद पशुओं के खूंटे उखाड़कर पशुओं को भगा दिया था। बीते शुक्रवार सुबह पिता ऋषिपाल ने चौराहे पर खड़े होकर एलान कर दिया कि तमाम संपत्ति छोटे पुत्र अरविंद के नाम करूंगा। जिसके बाद यह घटना हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।