Highlights वेस्ट यूपी में पछुवा हवा चलने से तापमान में गिरावट 48 घंटे तापमान स्थिर होने के बाद आएगी बारिश फिर तापमान में आएगी तेजी, 38 डिग्री तक पहुंचेगा
मेरठ। मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर चल रहा है। अप्रैल के पहले दिन दो दिन में तापमान सामान्य से ज्यादा हो गया था, अब मौसम में फिर नमी आ गई है। वेस्ट यूपी के कई जनपदों में चल रही पछुवा हवा के चलते मौसम में यह नमी बनी हुई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पछुवा हवा चलने से यह नमी बरकरार रहेगी और छह व सात अप्रैल को वेस्ट यूपी के जनपदों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। इसके बाद मौसम साफ होगा और तापमान में तेजी आनी शुरू होगी।
शुक्रवार को मौसम में नमी बनी रही तो पछुवा हवा चलने का सिलसिला शनिवार को भी जारी रहा। मौसम कार्यायल पर अधिकतम तापमान 30.2 और न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। अधिकतम आद्र्रता 54 व न्यूनतम 27 फीसदी रही। वहीं औसत एक्यूआई 72 रहा। लॉकडाउन केे कारण वायु की शुद्धता में गुणात्मक अंतर आया है। दो महीने पहले तक मेरठ और आसपास के इलाकों का एक्यूआई 200 तक पहुंच गया था। लॉकडाउन के बाद लोगों को शुद्ध हवा मिल रही है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पछुवा हवा के कारण मौसम में नमी बनी हुई है। जिसके कारण तापमान में परिवर्तन हो रहा है। भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान के मौसम वैज्ञानिक डा. एन. सुभाष का कहना है कि दो दिन मौसम स्थिर रहने के बाद छह व सात अप्रैल को बूंदाबांदी व तेज बारिश होने के आसार हैं। इसका प्रभाव आठ अप्रैल को भी देखने को मिलेगा और आसमान में बादल छाऐ रहेंगे। इसके बाद तापमान में तेजी आएगी और यह 37-38 डिग्री सेल्सियस तक भी पहुंच सकता है।