मेरठ

Kisan Mahapanchayat: लखनऊ में भाकियू की किसान महापंचायत आज, राकेश टिकैत सहित पदाधिकारी होंगे शामिल

BKU Kisan Mahapanchayat: लखनऊ में भारतीय किसान यूनियन की महापंचायत आज होगी। भाकियू की इस महापंचायत में राकेश टिकैत सहित पदाधिकारी और हजारों कार्यकर्ता लखनऊ के ईको गार्डन में किसान महापंचायत में शामिल होंगे।

2 min read
Sep 18, 2023
मेरठ के सिटी रेलवे स्टेशन पर नौंचदी एक्सप्रेस पर कब्जा कर लखनऊ में किसान महापंचायत के लिए रवाना होते भाकियू पदाधिकारी और कार्यकर्ता

BKU Kisan Mahapanchayat: भाकियू महापंचायत आज लखनऊ के ईको गार्डन में होने जा रही है। किसान महापंचायत में भारतीय किसान यूनियन के हजारों कार्यकर्ता/किसान मेरठ सहित उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, राजस्थान आदि प्रदेशों से पहुंच रहे हैं। लखनऊ महापंचायत में शामिल होने के लिए मेरठ से गए किसान अपने साथ भाजपा सरकार का मैनीफेस्टो भी साथ लेकर गए हैं। भारतीय किसान यूनियन जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी के नेतृत्व में हजारों किसान मेरठ के सिटी स्टेशन पर एकत्र होकर लखनऊ की महापंचायत में शामिल होने के लिए नौचंदी एक्सप्रेस से रवाना हुए। जिसमे भाकियू के राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष गौरव टिकैत भी शामिल रहे हैं।

किसानों के बीच पहुँचे किसान नेता गौरव टिकैत ने किसानों का उत्साहवर्धन किया। गौरव टिकैत ने कहा किसानों के साथ सफर में किसानों की तमाम छोटी बड़ी समस्याओ की जानकारी मिलती है और किसान एकता मजबूत होती है।


मेरठ मंडल युवा वरिष्ठ उपाध्यक्ष लोकेश सिवाच मेरठ से भाजपा सरकार का मैनीफेस्टो ले जाते हुए बताया कि भाजपा सरकार ने चुनाव के दौरान अपने मैनीफेस्टो में किसानों के लिए किए गए वायदों को पूरा नहीं किया है। जिस कारण उत्तर प्रदेश के लाखों किसानों के साथ धोखा हुआ है। अब लखनऊ महापंचायत में इस मैनीफेस्टो को पढ़ा जाएगा। जिससे कि सरकार व उत्तर प्रदेश की जनता जान सके कि कैसे सरकार ने किसानों के साथ छल किया है।

जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने बताया कि लखनऊ महापंचायत में जिला मेरठ से हजारों किसान रेलमार्ग व सड़क मार्ग से रवाना हुए हैं। मेरठ से लखनऊ जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस पर किसानों का कब्जा होने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सैकड़ों यात्रियों ने अपना टिकट और रिजर्वेशन कैसिंल कराया।

नौचंदी एक्सप्रेस पर किसानों ने सहारनपुर से ही कब्जा किया हुआ था। मेरठ रेलवे स्टेशन पर चारों ओर किसानों का हुजूम था। भाकियू कार्यकर्ता किसान एकता जिंदाबाद और भाकियू जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। इसके अलावा सैकड़ों किसान 100 से अधिक निज वाहनों से भी लखनऊ रवाना हुए है। जिला बुलंदशहर में मंडल अध्यक्ष गुड्डू प्रधान के नेतृत्व में 12 बसो व 140 निज वाहनों सें हजारों किसान लखनऊ के लिए रवाना हुए।

Published on:
18 Sept 2023 08:14 am
Also Read
View All