Highlights हादसे के बाद काफी देर तक सड़क पर पड़ा रहा युवक ई-रिक्शा चालक ने दिखाई मानवता, लोगों की मदद से पहुंचाया अस्पताल बुलेट सवार सड़क हादसे में बुरी तरह से हुआ था घायल
मेरठ। थाना बहसूमा अंतगर्त कस्बे के समीप रोड पर एक बुलेट सवार युवक घायल हो गया। सूचना के बाद भी काफी देर तक पुलिस नहीं पहुंची और घायल सड़क पर पड़ा तड़पता रहा। भीड़ तो जुट गई, लेकिन किसी ने घायल को अस्पताल पहुंचाने की पहल नहीं की। इसी बीच वहां से गुजरे एक ई- रिक्शा चालक ने पुलिस को कर्तव्य की नसीहत देते हुए घायल को अस्पताल पहुंचाया।
घटना बीती बुधवार की है। चंद कदम की दूरी पर एक बुलेट सवार युवक सड़क हादसे में घायल हो गया। कुछ ही दूरी पर थाना भी था। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन लगभग बीस मिनट तक पुलिस नहीं आई और घायल सड़क किनारे पड़ा तड़पता रहा। काफी भीड़ जुटने के बाद भी किसी ने घायल को अस्पताल ले जाने की पहल नहीं की और न ही किसी ने नाम पता पूछकर परिजनों को सूचित करना उचित समझा। लोगों की भीड़ युवक को उठाकर एक तरफ कर रही थी।
ई-रिक्शा चालक ने घायल को पहुंचाया अस्पताल
इसी बीच एक ई रिक्शा चालक ने मानवता दिखाते हुए भीड़ की मदद से घायल को अपने ई रिक्शा में लिटाया और अस्पताल ले गया। इसके बाद भी थाने से कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। बताते हैं कि जब सब कुछ हो गया और भीड़ छटने लगी। उसके बाद जीप में कुछ पुलिसवाले पहुंचे, लेकिन तब तक घायल अस्पताल पहुंच चुका था। वही इस दुर्घटना ने सरकार के उन दावों की भी पोल खुल गई दी है। वही इस मामले में एसपी देहात अविनाश पांडे का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। थाना पुलिस से इस मामले में जांच कराई जाएगी।