मेरठ

अखिलेश यादव के विवादित होर्डिंग पर बवाल! मेरठ में भड़के सपाई, विधायक अतुल प्रधान ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी

Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के विवादित होर्डिंग और फ्लैक्स लगाए जाने के बाद राजनीति तेज हो गई है। सरधना से सपा विधायक अतुल प्रधान ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क पर उतरने की चेतावनी दे डाली है।
2 min read
Aug 26, 2026
Akhilesh yadav
अखिलेश यादव फोटो सोर्स @yadavakhilesh X Account

UP Politics: उत्तर प्रदेश के मेरठ, हापुड़, गाजियाबाद और बागपत में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के विवादित होर्डिंग और फ्लैक्स लगाए जाने से सपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया। कई स्थानों पर लगे इन पोस्टरों को सपाइयों ने फाड़ डाला। सरधना से सपा विधायक अतुल प्रधान ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क पर उतरने की चेतावनी दी है।

मेरठ में विधायक ने हटवाए पोस्टर

मेरठ के परतापुर क्षेत्र में मेरठ साउथ स्टेशन के पास अखिलेश यादव की तस्वीर वाले विवादित फ्लैक्स लगने की सूचना मिलते ही विधायक अतुल प्रधान कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने सभी पोस्टरों को हटवा दिया। युवजन सभा के प्रदेश महासचिव सम्राट मलिक ने भी कई स्थानों पर फ्लैक्स फाड़ दिए। सपा नेताओं ने ऐसे पोस्टर लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

भाजपा पर लगाया आरोप

अतुल प्रधान ने कहा कि भाजपा के पास कोई काम नहीं है। वे विपक्षी दलों के मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए पोस्टरबाजी करते रहते हैं। महंगाई, किसानों की परेशानियां और छात्रों के पेपर लीक जैसे मुद्दों से ध्यान हटाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पोस्टर लगाने वालों की पहचान कर तत्काल कार्रवाई की जाए और जिम्मेदार लोगों को जेल भेजा जाए।

हापुड़ में भी विरोध

हापुड़ में दिल्ली रोड पर एसएसवी कॉलेज के पास विवादित होर्डिंग लगाए गए। सपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें हटाया और एसपी कार्यालय पहुंचकर सीओ यातायात को ज्ञापन सौंपा। सपा छात्र सभा जिलाध्यक्ष रविंद्र यादव और जिलाध्यक्ष आनंद गुर्जर समेत कार्यकर्ताओं ने आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।

बागपत में प्रदर्शन

बागपत में आपत्तिजनक होर्डिंग को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र वंदना चौक पर नारेबाजी की और एसपी कार्यालय पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया। पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक भी हुई। जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी और प्रदेश सचिव संजीव त्यागी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।

सपा का रुख सख्त

सपा नेताओं का कहना है कि इस तरह की राजनीति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अतुल प्रधान ने चेतावनी दी कि अगर प्रशासन कार्रवाई नहीं करता तो पार्टी बड़े आंदोलन पर उतरेगी। पूरे क्षेत्र में सपा कार्यकर्ता सतर्क हैं और विवादित पोस्टर हटाने का अभियान जारी रखा है।

Updated on:
26 Aug 2026 09:40 pm
Published on:
26 Aug 2026 09:40 pm