UP Assembly Elections 2022 आज मतदान को लेकर लोगों में काफी उत्साह दिखाई दे रहा है। वहीं प्रदेश की सबसे बुजुर्ग महिला 110 साल की शीश कौर ने मेरठ में अपने मत का उपयोग किया। शीशकौर को उनका बेटा अपनी गोद में उठाकर मतदान केंद्र तक लेकर गया और उनसे मतदान करवाया।
UP Assembly Elections 2022 प्रदेश की सबसे बुजुर्ग महिला शीशकौर ने आज मत का उपयोग किया। शीशकौर ने महिला सुरक्षा और विकास के मुददे पर भाजपा को वोट किया। उन्होंने बताया कि वो करीब 50 साल से अटल बिहारी वाजपेयी की बहुत बड़ी समर्थक रही हैं। उससे पहले वो देश की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की समर्थक थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में उन्होंने कहा कि मोदी अच्छा काम कर रहा है। उसके प्रधानमंत्री बनने से इलाके में शांति है। मेरठ दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के गांव अछरौड़ा की रहने वाली शीशकौर आज अपने गांव में बने पोलिंग बूथ पर बेटे के साथ पहुंची। 110 साल की उम्र होने के कारण वे ठीक से चल नहीं पाती हैंं। इस कारण उन्हें बेटा अपनी गोदी में उठाकर मतदान केंद्र तक लेकर गया। वोट देने के बाद वे काफी खुश नजर आई।
वहीं दूसरी ओर एल ब्लाक स्थित स्थित जीजीआईजी इंटर कॉलेज में 85 साल के बुजुर्ग शिव कुमार व उनकी पत्नी रज्जो ने मतदान किया। मतदान की वजह से हर रोज की तरह बाजार सुबह जल्दी नहीं खुला। मेरठ के जीआईसी इंटर कॉलेज में सरोज ने पहली बार वोट डाला। सेंट जोसेफ स्कूल के पिंक बूथ को सामान्य बूथ बनाया गया है। 70 वर्षीय दिव्यांग वीरवती निवासी सदर ने दुर्गाबाड़ी इंटर कालेज में मतदान करने पहुंची। मेरठ दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के शास्त्रीनगर में शताक्षी और विभु ने पहली बार अपने मत का उपयोग किया।
शहर सीट के भाटवाडा की रहने वाली 90 साल की रामवती देवी ने वोट डाला। बता दे कि पश्चिमी उप्र के 11 जिलों की 58 सीटों पर आज मतदान हो रहा है। इनमें मेरठ, सहारनपुर, आगरा, मंडल के जिले शामिल हैं। मतदान शुरूआती चरण में धीमी गति से शुरू हुआ। लेकिन जैसे—जैसे मौसम में परिवर्तन होता गया। मतदान में तेजी आती गईं। दोपहर 1 बजे तक विभिन्न जिलों से आई रिपोर्ट के मुताबिक शामली और हापुड जिले के मतदाता मतदान करने में सर्वाधिक आगे हैं।