1 दिसंबर को आएंगे उत्‍तर प्रदेश निकाय चुनाव के परिणाम, तीन चरणों में हाेगी मतगणना
मेरठ। उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव में मतदान के बाद अब गुरुवार को शहर की सरकार का रिजल्ट आ जाएगा। एक दिसंबर को होने वाली मतगणना की पल-पल की जानकारी आयोग की वेबसाइट www.sec.up.nic.in पर मिलेगी, जिससे घर बैठे एक क्लिक पर परिणामों की जानकारी ली जा सकेगी। मतगणना पूर्ण होने पर रिजल्ट सबसे पहले राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा। मतगणना कार्य में लगे अधिकारियों द्वारा सभी कर्मचारियों तथा कंप्यूटर आॅपरेटरों को इसके बारे में जानकारी दे दी गई है।
सतर्कता बरतने के निर्देश
आयोग के निर्देश के तहत मतगणना कार्य समाप्त होते ही रिजल्ट को आॅब्जर्वर और आरओ के स्तर से पूर्ण कराया जाएगा। इसके बाद ही उसे निर्वाचन आयोग के वेबसाइट पर डाल दिया जाएगा। वेबसाइट पर अपलोड करने के बाद ही परिणामों की औपचारिक घोषणा की जाएगी। सभी कंप्यूटर आॅपरेटर व आरओ को मतगणना में जोड़, घटाव पर सतर्कता बरतने को कहा गया है। उन्हें बताया गया है कि स्थानीय चुनाव होने के बाद एक-एक वोट को लेकर मामला बेहद संवेदनशील हो सकता है। ऐसे में मतगणना में लगे लोग पूरी सतर्कता के साथ काम करें।
तीन चरणों में पूरी होगी मतगणना
विकास भवन में सीडीओ आर्यका अखौरी तथा अन्य प्रशासनिक अफसरों ने नगर निगम के सभी 19 आरओ और एआरओ के साथ बुधवार को बैठक की। इसमें कहा गया कि मतगणना को बिल्कुल निष्पक्ष तरीके से तथा पहले से बने प्लान के तहत पहले चरण से निर्धारित वार्ड की कांउटिंग की जाएगी। वार्ड, बूथ और ईवीएम का मिलान करके ही मतगणना की जानी है। इस दौरान संभावना जताई गई कि पहले चरण की मतगणना में थोड़ा समय लगेगा। पोस्टल बैलेट के बाद ही ईवीएम के वोट की गिनती होगी। ऐसी स्थिति में पहले चरण के वार्डों का रिजल्ट दो से तीन घंटे में आ जाएगा। वहीं, दूसरे चरण में अधिकतम दो घंटे में परिणाम आ जाना चाहिए। पहले और दूसरे चरण में 43-43 वार्ड की मतगणना होगी। तीसरे चरण में चार वार्ड की मतगणना होगी। इस तरह पार्षदों का रिजल्ट तो पहले आ जाएगा, लेकिन मेयर का फाइनल रिजल्ट तीसरे चरण की मतगणना के बाद ही संभव होगा।
236 टेबल पर होगी काउंटिंग
पार्षदों का रिजल्ट आने के बाद मेयर का परिणाम घोषित किया जाएगा। मतगणना के लिए 236 टेबल लगाई जाएंगी। हर टेबल पर तीन मतगणना कर्मचारी होंगे। कुल 332 परिणामों के लिए करीब डेढ़ हजार कर्मचारी और अधिकारी लगाए गए हैं।