
हिंदू-मुस्लिम युवतियों को इंस्टाग्राम पर हुआ प्यार (फोटो सोर्स- gemini)
Meerut News: कहते हैं प्यार की कोई सीमा नहीं होती, लेकिन जब यह प्यार सोशल मीडिया के जरिए परवान चढ़े और दो अलग-अलग धर्मों की युवतियों के बीच हो तो मामला चर्चा का विषय बन जाता है। ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला उत्तर प्रदेश के मेरठ से सामने आया है, जहां जयपुर की एक युवती अपनी मुस्लिम सहेली से शादी करने की जिद लेकर उसके घर पहुंच गई।
जयपुर की रहने वाली एक हिंदू युवती और मेरठ के एक गांव की रहने वाली मुस्लिम लड़की की मुलाकात करीब 6 महीने पहले इंस्टाग्राम पर हुई थी। धीरे-धीरे बातों का सिलसिला शुरू हुआ और दोस्ती गहरी होती गई। धीर-धीरे दोनों के बीच प्यार हो गया। इसके साथ ही दोनों ने फैसला किया कि वे पूरी जिंदगी एक-दूसरे के साथ पति-पत्नी की तरह बिताएंगी।
युवती पर प्यार का खुमार इस कदर चढ़ा कि जयपुर की युवती बिना किसी को बताए बस पकड़कर मेरठ पहुंच गई। वहां से वह सीधे अपनी सहेली के गांव पहुंची। जब वह अपनी दोस्त के घर पहुंची और दोनों ने अपने रिश्ते का सच घरवालों को बताया तो परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। मुस्लिम युवती के परिजनों ने इस रिश्ते का कड़ा विरोध किया, लेकिन दोनों युवतियां अपनी बात पर अड़ी रहीं।
हंगामा बढ़ता देख परिजन दोनों युवतियों को लेकर सरधना थाने पहुंचे। पुलिस के सामने भी दोनों युवतियों ने यही बात कही कि हम पति-पत्नी की तरह साथ रहना चाहते हैं और शादी करेंगे। CO ने बताया कि दोनों लड़कियां शादी की जिद कर रही थीं। काफी देर तक उनकी काउंसलिंग की गई है। फिलहाल, उन्हें समझा-बुझाकर परिवार को सुपुर्द कर दिया गया है। जयपुर में युवती के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।
पुलिस का कहना है कि एक बार फिर से दोनों की काउंसलिंग कराई जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। जयपुर से युवती के परिजन मेरठ के लिए रवाना हो चुके हैं। उनके आने के बाद ही आगे का फैसला लिया जाएगा। फिलहाल, सोशल मीडिया पर शुरू हुई यह अनोखी प्रेम कहानी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
Updated on:
09 May 2026 05:12 pm
Published on:
09 May 2026 05:12 pm
