
शादाब जकाती फोटो सोर्स insta अकाउंट
मेरठ में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए यूट्यूबर शादाब जकाती के ज्वेलरी शोरूम समेत पूरे ग्रैंड स्क्वेयर कॉम्प्लेक्स को सील कर दिया। जांच में सामने आया कि शोरूम नक्शे के विपरीत पार्किंग एरिया में बनाया गया था। आवास विकास और प्रवर्तन दल ने पुलिस बल के साथ पहुंचकर करीब 5 घंटे तक कार्रवाई की और सभी दुकानों को खाली कराकर कॉम्प्लेक्स को सील कर दिया गया।
मेरठ के हापुड़ रोड स्थित ग्रैंड स्क्वेयर कॉम्प्लेक्स में बुधवार को प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए यूट्यूबर शादाब जकाती के ‘जकाती ज्वैलर्स’ शोरूम को सील कर दिया। यह कार्रवाई आवास विकास और प्रवर्तन दल की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में की। अधिकारियों के अनुसार, शोरूम नक्शे के अनुसार निर्धारित पार्किंग स्थान पर बनाया गया था। जो नियमों का उल्लंघन है।
दोपहर करीब 12 बजे टीम मौके पर पहुंची। पूरे कॉम्प्लेक्स को सील करने की घोषणा कर दी। दुकानदारों को अपना सामान निकालने के लिए लगभग 2 घंटे का समय दिया गया। इसके बाद सीलिंग की प्रक्रिया शुरू हुई। जो शाम 5 बजे तक जारी रही। इस दौरान बेसमेंट से लेकर तीसरी मंजिल तक बनी सभी दुकानों और हॉल को बंद कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि इस कॉम्प्लेक्स का निर्माण भी तय मानकों के खिलाफ हुआ है। अधिकारियों ने कहा कि केवल एक शोरूम ही नहीं, बल्कि पूरा भवन नियमों के अनुरूप नहीं बना है। इसी कारण पूरी बिल्डिंग पर कार्रवाई की गई। कॉम्प्लेक्स के मालिक सईद सैफी का कहना है कि फायर एनओसी मिलने में देरी हुई थी। जिसके चलते यह कार्रवाई की गई। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही सभी जरूरी मानक पूरे कर लिए जाएंगे। सील हटाने की प्रक्रिया शुरू होगी।
इस मामले में भाजपा नेता राहुल ठाकुर की शिकायत के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ। उन्होंने आरोप लगाया था कि यह निर्माण अवैध तरीके से कराया गया है। इसमें विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत भी हो सकती है। शिकायत में यह भी कहा गया कि इससे सरकारी राजस्व को नुकसान हुआ है।
गौरतलब है कि शादाब जकाती ने 28 अप्रैल को ही अपने शोरूम का उद्घाटन किया था। उद्घाटन के दौरान बिना अनुमति रोड शो निकाला गया। जिससे इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई थी। यातायात प्रभावित हुआ था। पुलिस ने उस मामले में केस दर्ज कर जकाती को हिरासत में भी लिया था। हालांकि बाद में उन्हें जमानत मिल गई। प्रशासन का कहना है कि अवैध निर्माण के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
शादाब मूल रूप से मेरठ के इंचौली इलाके के रहने वाले हैं। उन्हें क्रिकेट का खासा शौक है। वे पहले सऊदी अरब में ड्राइवर की नौकरी कर चुके हैं। वहीं रहते हुए उन्होंने वीडियो बनाना शुरू किया था। उनका एक वीडियो ‘10 रुपये वाला बिस्कुट का पैकेट कितने का मिलेगा…’ काफी वायरल हो चुका है। इसे करोड़ों लोगों ने देखा है। कई मशहूर हस्तियों ने इस वीडियो की नकल भी की है। अब सोशल मीडिया पर उनकी अच्छी-खासी पहचान बन गई है।
Published on:
06 May 2026 09:04 pm
बड़ी खबरें
View Allमेरठ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
