मेरठ

UP Weather Update: छह घंटे के भीतर इन जिलों में भीषण बारिश का अलर्ट, हस्तिनापुर में बाढ़ से हालात खराब

UP Weather Update: आगामी 6 घंटे के भीतर यूपी में भीषण बारिश का IMD अलर्ट जारी किया है। वहीं पश्चिम यूपी में बाढ़ से हालात खराब हैं। मेरठ के हस्तिनापुर में बाढ़ का पानी गांव में घुस गया है।
less than 1 minute read
Aug 07, 2023
au0711.jpg

UP Weather Update: इस बार मानसून बारिश ने यूपी में तबाही मचाई हुई है। कई जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग IMD ने भीषण बारिश का Alert जारी किया है। वहीं बिजनौर में गंगा और बागपत में यमुना खतरे के निशान के करीब पहुंच गई हैं। प्रशासन ने ग्रामीणों को सावधान रहने को कहा है। वहीं IMD के बारिश अलर्ट के मुताबिक पूर्वी यूपी के अधिकांश जिलों में रात में 12 बजे के बाद मूसलाधार बारिश के हालात हैं। वहीं पश्चिम के जिलों में भी सोमवार की शाम से काले बादल मंडरा रहे हैं। पश्चिम यूपी के मेरठ और मुरादाबाद मंडल के जिलों में भी भारी बारिश की संभावना है। हरिद्वार से गंगा में पानी छोड़े जाने के बाद से गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इससे मेरठ के हस्तिनापुर खादर क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। बढ़ के खतरे की स्थिति को देख ग्रामीण भयभीत हैं।

हस्तिनापुर खादर के कई गांव में बाढ़ का पानी पहुंच चुका है। कई गांवों की स्थिति नाजुक है। गंगा के उफान पर होने के कारण पानी गांव में घरों में पहुंच गया है। ग्रामीण पानी के बीच रहने को मजबूर हैं। हरिद्वार के हथिनी कुंड बैराज से रविवार को दो लाख 9 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा था। जो सोमवार सुबह तक हस्तिनापुर के खादर क्षेत्र में टूटे तटबंध से बाहर निकलकर गांव तक पहुंचा है।

गंगा का जलस्तर बढ़ने से खादर क्षेत्र के ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दर्जनों गांव टापू में तब्दील हो गए हैं। हजारों लोग भयभीत हैं। पिछले 13 जुलाई को तटबंध टूटा था। जिससे 15 दिनों तक खादर क्षेत्र के लोगों को बाढ़ जैसे हालातों का सामना करना पड़ा था।

Published on:
07 Aug 2023 06:27 pm