Highlights मेरठ के लालकुर्ती क्षेत्र में दिनदहाड़े मची अफरातफरी पुलिस ने दो महिलाओं समेत छह को किया गिरफ्तार दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में मचा रहा हंगामा
मेरठ। लालकुर्ती क्षेत्र के अंतर्गत बाउंड्री रोड टेलीफोन एक्सचेंज के पास गुरुवार को दिनदहाड़े बीच सड़क पर दो पक्षों में चाकू-छुरे चलने लगे। बीच सड़क पर यह होते देख लोगों में भगदड़ मच गई। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर निर्मम तरीके से वार कर रहे थे। जिसमें एक पक्ष के युवक की अंगुली अलग हो गई। मौके पर पहुंचे एएसपी और थाना पुलिस ने मौके से आधा दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं।
बाउंड्री रोड टेलीफोन एक्सचेंज के सामने रास्ते को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। एक पक्ष मोटू उर्फ हिमांशु का है जो कि टायर पंचर लगाने की दुकान करता है। उसकी मां राजकुमारी के अनुसार पड़ोस में रहने वाला अजय पुत्र विजय कुमार आए दिन उनसे झगड़ा करता है। वह उनको रास्ते से निकलने नहीं देता। बात-बात पर गाली देता है और मारपीट पर उतर आता है। महिला के अनुसार आज भी उसने रास्ते को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि मोटू और विजय के घर की महिलाएं और पुरूष भी आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के हाथ में चाकू-छुरे थे। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर वार करने लगे। मोटू ने अजय के ऊपर छुरी से वार किया तो उसके हाथ की एक उंगली कट गई। उसका हाथ खून से लथपथ हो गया।
एएसपी कैंट धवल जयसवाल पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे और मारपीट के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं पुलिस के पहुंचने से पहले मारपीट के कई आरोपी भाग गए। एएसपी कैंट ने बताया कि दो पक्षों में मारपीट का मामला सामने आया है। मौके से कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। मारपीट करने वालों में महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने दो महिलाओं को भी हिरासत में लिया है।