
मेरठ में व्यापारियों के आंदोलन से पहले बड़ी कार्रवाई। फोटो सोर्स- फेसबुक (Atul Pradhan )
MLA Atul Pradhan Latest News:मेरठ में प्रस्तावित ‘हल्ला बोल’ कार्यक्रम से पहले पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन गुप्ता को उनके घर पर ही नजरबंद कर दिया। यह कार्रवाई शुक्रवार को होने वाले विरोध प्रदर्शन को रोकने के उद्देश्य से की गई। बताया जा रहा है कि शहर के इतिहास में पहली बार किसी व्यापारी संगठन के अध्यक्ष को इस तरह हाउस अरेस्ट किया गया है।
संयुक्त व्यापार संघ ने सेंट्रल मार्केट में आवास विकास परिषद द्वारा की जा रही सीलिंग और ध्वस्तीकरण के विरोध में बड़े धरने की तैयारी की थी। गुरुवार देर रात करीब 12 बजे भारी पुलिस बल नवीन गुप्ता के घर पहुंचा और उन्हें नजरबंद कर दिया, जिससे शुक्रवार का प्रस्तावित आंदोलन टल गया।
नवीन गुप्ता ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर बताया कि पुलिस का कहना है कि कुछ असामाजिक तत्व इस आंदोलन की आड़ में शहर का माहौल बिगाड़ सकते हैं। शहरहित को ध्यान में रखते हुए उन्होंने फिलहाल धरना स्थगित कर दिया और 665 प्रभावित व्यापारियों से शांति बनाए रखने की अपील की।
नवीन गुप्ता ने आवास विकास परिषद के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने प्रदेश सरकार की व्यापारी हितैषी नीतियों को सुप्रीम कोर्ट के सामने सही तरीके से नहीं रखा। उन्होंने मांग की कि सरकार सुप्रीम कोर्ट में मजबूत पैरवी के लिए नामी वकीलों को खड़ा करे और व्यापारियों की वास्तविक स्थिति को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करे।
गुप्ता ने कहा कि यह मुद्दा अब सिर्फ सेंट्रल मार्केट तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे मेरठ शहर का बन चुका है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे ड्राइंग रूम से बाहर निकलकर सड़कों पर व्यापारियों के लिए संघर्ष करें।
इधर, सेंट्रल मार्केट में चल रहे धरने में शामिल होने और कथित भड़काऊ बयानबाजी के आरोप में पुलिस ने 20 से ज्यादा नेताओं के खिलाफ नौचंदी थाने में तस्करा दर्ज किया है। इनमें सपा विधायक अतुल प्रधान, सपा नेता मुखिया गुर्जर, कांग्रेस के रंजन शर्मा और अवनीश काजला, व्यापारी नेता जीतू सिंह नागपाल और शेंकी वर्मा, हिंदू सुरक्षा संगठन के सचिन सिरोही सहित कई अन्य नाम शामिल हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुछ भाजपा नेताओं के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है, हालांकि उनके नाम अभी सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने कहा कि यह कदम उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाया गया है।
अतुल प्रधान (सपा विधायक): मैं व्यापारियों के साथ हूं और डरने वाला नहीं हूं। इस मुद्दे को विधानसभा में मजबूती से उठाऊंगा।
जीतू सिंह नागपाल: पुलिस सिर्फ परेशान करने की मंशा से कार्रवाई कर रही है, हम व्यापारियों के साथ खड़े रहेंगे।
सचिन सिरोही: मैं पिछले 3 दिनों से धरना स्थल पर नहीं गया हूं, यदि गलत कार्रवाई हुई तो मुख्यमंत्री से शिकायत करेंगे।
फिलहाल आंदोलन स्थगित कर दिया गया है, लेकिन व्यापारियों में आक्रोश बना हुआ है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा और गरमा सकता है, खासकर अगर प्रशासन और व्यापारियों के बीच समाधान नहीं निकला।
संबंधित विषय:
Published on:
17 Apr 2026 11:47 am
बड़ी खबरें
View Allमेरठ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
