Highlights - आगामी दो दिन करना होगा तेज शीत लहर और कोहरे का सामना - 12 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही शीत लहर - 25 जनवरी के आसपास बारिश के आसार
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
मेरठ. इस समय पूरे पश्चिम उत्तर प्रदेश (West Uttar Pradesh) में कोल्ड डे (Cold Day) जैसी स्थिति बनी हुई है। हालात यह हैं कि सड़कों पर घना कोहरा और शीत लहर (Cold Wave) की रफ्तार 12 किमी प्रति घंटा है। हवा के बाद भी कोहरा छाए रहने पर मौसम वैज्ञानिक भी हैरान हैं। मोदीपुरम कृषि अनुसंधान के मौसम वैज्ञानिक डाॅ. एन सुभाष का कहना है कि इस समय हवा के चलते कोहरा (Fog) पड़ना इस बात का प्रमाण है कि वातावरण में काफी नमी है। यह नमी तभी खत्म होगी, जब हल्की बारिश होगी। उन्होंने बताया कि आगामी 25 जनवरी के आसपास बारिश (Rain) के आसार हैं।
शनिवार की सुबह कोहरे और ठंडी हवा का प्रभाव देखने को मिला। सड़कों पर घना कोहरा छाया रहा। वाहन चालकों को लाइट जलाकर चलना पड़ा। मौसम विभाग की मानें तो अगले दो दिनों तक मेरठ और पश्चिम उत्तर प्रदेश के जिलों में कोल्ड डे जैसी स्थिति रह सकती है। दिन के अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट आ सकती है। आगामी 24 जनवरी के बाद अधिकतम व न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आ सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है। वहीं शुक्रवार को दिन में करीब 1 बजे हल्की धूप जरूर निकली। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।पिछले चौबीस घंटे में अधिकतम तापमान में 2.2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि व न्यूनतम तापमान में 1.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।