
Mirzapur News: पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने देर शाम शुक्रवार को हलिया क्षेत्र के गड़बड़ा धाम स्थित मां शीतला मंदिर में पहुंचकर दर्शन पूजन किया। उन्होंने मां शीतला का आशीर्वाद लिया और क्षेत्र की सुख समृद्धि की कामना की। इससे पहले उन्होंने हलिया में लोगों से जनसंपर्क किया। दर्शन के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। लोगों ने उनकी नई पार्टी जननीति भारत बनाने पर बधाई दी और फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया। इस दौरान लोगों ने उनके साथ रहने और समर्थन देने का नारा भी लगाया।
दिव्या मित्तल ने लोगों से संवाद करते हुए कहा कि वह हमेशा जनता के हित के लिए काम करती रहेंगी। उन्होंने सभी का आभार व्यक्त किया।इस मौके पर अरूण मिश्रा, कमलेश तिवारी, शिवा अग्रहरि, शनी अग्रहरि, राकेश अग्रहरि, मुन्ना सिंह, मंगलधारी मिश्रा, ज्ञानेश्वर दूबे, रविशंकर तिवारी, मंगलधारी मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग व कार्यकर्ता मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था में मेला प्रभारी श्याम लाल पुलिस कर्मियों के साथ लगे रहे वहीं एलआईओ टीम की भी मौजूद रहीं।
पूर्व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल शुक्रवार शाम को लहुरियादह गांव पहुंची। दिव्या मित्तल का काफिला बुजुर्ग महिला दुईजी देवी के घर के सामने रूका। जहां ग्रामीणों ने गाजे बाजे के साथ दिव्या को माला पहनाकर स्वागत किया। दुईजी देवी ने दिव्या को माला पहनाई तो भावुक होकर दिव्या मित्तल दुईजी से गले से लिपटकर रोने लगी। तीन वर्ष बाद दिव्या को अपने साथ पाकर दुईजी देवी की आंसुओं की धार बहने लगी। दिव्या ने दुईजी देवी से उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछकर उनका कुशलक्षेम जाना। दुईजी देवी ने दिव्या मित्तल से कहा कि बहुत दिन से तोहार इंतजार करत रहे बिटिया आजु हमार इच्छा पूरी होइगइ हम तोहके जी भरि क देखि लिहा देवी मइया तोहरे ऊपर कृपा बनावइ, गांव में तोहरे मेहरबानी से पानी क संकट दूर होइग अब स्कूल बनवाइ द अउर हमके आवास देवाइद।
इस दौरान ग्रामीणों ने गाजे बाजे के साथ उनका स्वागत किया है। दिव्या ने विद्यालय की मांग करने वाली देवकली को माला पहनाई, गले मिली। कहा लहुरियादह के विकास के लिए हरसंभव प्रयास करूंगी। यहां की आवाज़ उठाने से पीछे नहीं रहूंगी, यहां से जो स्नेह मिला है वह भूलने वाला नहीं है। वह पल और आज का पल मुझे याद है। इस दौरान गांव में पूर्व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल के आने मात्र की खबर से ही ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी थी।