विविध भारत

तेज आंधी में उड़ गया 2 महीने का बच्चा, नारियल के पेड़ पर अटकने की वजह से बची जान

केरल में तेज आंधी और तूफान की वजह से 16 लोगों की जान जा चुकी है और 60 से ज्यादा घर तबाह हो चुके हैं।
2 min read
Jun 12, 2018
Heavy Rain And Storm
तेज आंधी में उड़ गया 2 महीने का बच्चा, नारियल के पेड़ पर अटकने की वजह से बची जान

तिरुवनंतपुरम। दक्षिण भारत के कई इलाकों में मानसून दस्तक दे चुका है और तेज आंधी के साथ-साथ बारिश की वजह से आम जनजीवन बेहाल है। लोगों को भारी बारिश की वजह से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच केरल से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। केरल के वेंगानूर में दो महीने के बच्चे पर कुदरत का कहर देखने को मिला, लेकिन कुदरत की मेहरबानी से ही बच्चे की जिंदगी बच गई।

आंधी में उड़ने के बाद भी बच गई 2 महीने के बच्चे की जान
दरअसल, हुआ यूं कि यहां तेज आंधी की वजह से दो महीने का बच्चा हवा में उड़ गया, गनीमत रही कि बच्चा नारियल के पेड़ में जा फंसा और उसे कुछ नुकसान नहीं हुआ। एक अखबार की खबर के मुताबिक, वेंगानूर में चली तेज आंधी में एक घर की टीन की छत उड़ गई। छत में बंधे पालने पर दो महीने का बच्चा विनायक सो रहा था, आंधी में वह भी छत के साथ उड़ गया। हालांकि छत ज्यादा दूर नहीं जा सकी और पास में ही लगे नारियल के पेड़ों पर अटक गई। बच्चा भी पालने पर ही अटका रहा और जोर-जोर से रोने लगा। बच्चे की हालत देख उसके माता-पिता घबरा गए और वो भी रोने लगे। मां के रोने की आवाज सुनकर गांव वाले इकट्ठा हुए और उन्होंने बच्चे को पालने से नीचे उतारा। इसे आप प्रकृति का चमत्कार ही कह सकते हैं कि बच्चे को कुछ नहीं हुआ और वह इतने भयंकर तूफान का सामना करने के बाद भी सही सलामत रहा।

केरल में बारिश की वजह से हो चुकी है 16 लोगों की मौत
आपको बता दें कि केरल में काफी दिनों से मौसम की वजह से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। राज्य के अंदर जगह-जगह हुई तेज बारिश और आंधी के कारण अभी तक करीब 16 लोगों की मौत हो चुकी है और इसके अलावा 6 करोड़ रुपए की फसल का नुकसान भी हो चुका है। तेज आंधी और बारिश की वजह से 60 से ज्यादा घर तबाह हो चुके हैं। केरल के जिन इलाकों में मौसम की मार देखने को मिल रही है, उनमें कोझीकोड, कुन्नूर, इडुक्की और अलपुज्जा का नाम शामिल है। इन इलाकों में काफी दिनों से तेज बारिश का सिलसिला जारी है।

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के समय पूर्व आने के कारण सोमवार को कर्नाटक के कई हिस्सों में तेज बारिश और आंधी आने से जनजीवन प्रभावित हुआ।

Published on:
12 Jun 2018 01:18 pm