
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में सेना का आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन ऑलआउट बड़ी ही तेजी से चल रहा है। रोजाना घाटी में आतंकियों को अपने सिर पर अब मौत मंडराती हुई नजर आ रही है। घाटी में ये सख्ती राज्यपाल शासन लगने के बाद देखी गई है। इसी क्रम में अब सेना एक और सख्त कदम उठाने जा रही है। दरअसल, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में ये खबरें चल रही हैं कि अब ऑपरेशन ऑलआउट के दौरान मरने वाले आतंकियों के शवों को 'गायब' कर दिया जाएगा। कमांडरों के ऑपरेशन के बाद उनके शवों को उनके परिवारजनों को देने की रवायत को खत्म करने पर विचार किया जा रहा है।
बिना किसी को बताए दफना दिए जाएंगे आतंकियों के शव
मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से ये जानकारी दी गई है कि कश्मीर घाटी में आतंकियों की स्थानीय भर्ती अभियान पर रोक लगाने के लिए इस तरह के फैसले लिए जा सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक़ कश्मीर घाटी में लश्कर, जैश और हिज्बुल के टॉप कमांडर के मारे जाने पर उनके शव को उनके परिवार को नहीं सौपा जाएगा, बल्कि आतंकियों के शवों को किसी अनजान जगह पर बिना किसी को जानकारी दिए दफना दिया जाएगा।
आतंकियों के जनाजों में की जाती है आतंकी संगठनों के लिए भर्तियां
आपको बता दें कि सेना की तरफ से इस तरह का फैसला इसलिए लिया जा सकता है, क्योंकि आतंकियों के जनाजे में अक्सर स्थानीय लोगों की भीड़ देखने को मिलती है। इस वजह से कश्मीरी युवाओं का ब्रेनवॉश होता है और वो आतंक की राह पर चल देते हैं। ख़ुफ़िया एजेंसियों ने हाल में केंद्र सरकार को एक रिपोर्ट दी थी, कि कश्मीर घाटी में आतंकियों के जनाज़ों में आतंकी भर्ती का अभियान चलाया जाता है। इसके जरिए युवाओं को लश्कर-ए-तैयबा, हिज्बुल मुजाहिद्दीन और जैश-ए-मोहम्मद जैसे आतंकी संगठनों द्वारा चलाया जाता है।
यही वजह है कि सुरक्षा एजेंसियां अब ऑपरेशन आलआउट में ढेर किये गए टॉप आतंकी कमांडरों के शव उनके नजदीकियों को न देकर किसी गुप्त स्थान पर दफन करने पर विचार कर रही हैं।