विविध भारत

गिरफ्तार आतंकी ने कहा, पाक में मिली थी आर्मी ट्रेनिंग

गिरफ्तार किए गए आतंकी अब्दुल कयूम ने बताया कि आतंकियों को पाकिस्तान में आर्मी ट्रेनिंग दी जा रही है
2 min read
• •
Updated: 25 Sep 2016, 1:59 PM IST
abdul kayyum pak terrorist
abdul kayyum pak terrorist

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के अखनूर में भारत-पाक सीमा पार करते पकड़े गए पाक आतंकी अब्दुल कयूम ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि आतंकियों को पाकिस्तान में आर्मी ट्रेनिंग दी जा रही है। उसने बताया कि वह लश्कर के कैंपों में भी ट्रेनिंग ले चुका है। आतंकी से आगे की पूछताछ जारी है।

पूछताछ में कयूम ने बताया कि वह लश्कर के लिए फंड जुटा रहा था। उसके इस खुलासे से भारत में पाक प्रायोजित आतंक को बढ़ावा देने के नापाक प्लान का खुलासा हुआ है। कयूम ने बीएसएफ को बताया कि वह पाकिस्तान के सियालकोट का रहने वाला है। पाकिस्तान के शेखुपुरा जिले के मुरीदके में उसकी ट्रेनिंग हुई है। गौरतलब है कि जमात-उत-दावा का ट्रेनिंग हेड क्वार्टर मुरीदके में ही है। आतंकी से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें वह अपने गुनाहों को स्वीकार करता दिख रहा है।

गौरतलब है कि 30-वर्षीय अब्दुल कयूम अपने कुछ साथियों के साथ भारतीय सीमा में घुसपैठ का प्रयास कर रहा था। अलार्म बजने के बाद उसके चार अन्य साथी भाग खड़े हुए, जबकि वह नहीं भाग सका। सूत्रों के मुताबिक, जैसे ही बीएसएफ के जवानों की नजर पड़ी, उसको घेर लिया गया। परन्तु फेन्स पर इलेक्ट्रिसिटी करंट लगने के कारण वह बेहोश हो गया। बीएसएफ से पूछताछ के दौरान अब्दुल कयामी ने कई बार गुमराह करने की कोशिश भी की परन्तु असफल रहा।

कई अहम जानकारियां आई सामने
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अभी तक की पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। पता चलता है कि कयूम ने लश्कर के लिए 50 लाख का चंदा इकट्ठा किया है। सबसे खास बात यह है कि जम्मू-कश्मीर के अलगाववादी नेता सैयद अली शाह गिलानी और आसिया अंद्राबी का वह बड़ा फैन है। वह आईटी में डिग्री लिए हुए है। फर्राटेदार अग्रेंजी बोलता है।

कहा, हाफिज सैयद और कश्मीरी अलगाववादी नेताओं को जानता हूं
पूछताछ के दौरान आतंकी कयूम ने लश्कर के लिए प्रचार करने तथा 50 लाख रुपए जुटाने का दावा किया है। उसने बताया कि वह आतंकी हाफिज सैयद और सलाउद्दीन को भी जानता है। इसके अलावा कश्मीरी अलगाववादी नेताओं को भी जानता है। आतंकी के अनुसार उसे 2004 में पाकिस्तान में ट्रेनिंग दी गई थी।

Published on: