विविध भारत

ASEAN summit 2017: पीएम मोदी मनीला के लिए रवाना, सोमवार को अमरीकी राष्ट्रपति से होगी मुलाकात

उम्मीद की जा रही है कि वे सोमवार को अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ मुलाकात करेंगे और द्विपक्षीय संबंधों पर बातचीत करेंगे।
less than 1 minute read
• •
Updated: 12 Nov 2017, 10:09 AM IST
ASEAN Summit: PM Modi leaves for Manila to meet US President on Monday
patrika

नई दिल्ली/मनीला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को अलसुबह कोहरे और धुंध के बीच आसियान शिखर सम्मलेन में हिस्सेदारी करने मनीला के लिए रवाना हुए। उम्मीद की जा रही है कि वे सोमवार को अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ मुलाकात करेंगे और द्विपक्षीय संबंधों पर बातचीत करेंगे। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, मोदी और ट्रंप के बीच सोमवार को आसियान सम्मलेन इसे इतर बैठक हो सकती है।

प्रधानमंत्री मोदी 15वें आसियान शिखर सम्मेलन और 12वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भाग लेने मनीला पहुंच रहे हैं। अमरीकी राष्ट्रपति ट्रंप भी रविवार को ही मनीला पहुंचे। वे पांच एशियाई देशों की यात्रा पर हैं। भारत, अमरीका जापान और आस्ट्रेलिया के बीच चतुर्पक्षीय गठजोड़ बनाने के प्रस्ताव के बाद दोनों नेताओं के बीच यह पहली बैठक होगी। जापान ने बीते माह संकेत दिया था कि वह अमरीका, भारत और आस्ट्रेलिया के बीच शीर्ष स्तरीय संवाद का प्रस्ताव रखेगा।

जापान, आॅस्ट्रेलिया, भारत और अमरीका के बीच संवाद

सूत्रों के मुताबिक, ये चारों देशों के अधिकारी आसियान शिखर सम्मेलन के अवसर पर मिलकर इस दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। जापान के संवाद के प्रस्ताव पर भारत ने कहा था कि वह अपने हितों के लिए समान सोच वाले देशों के साथ काम करने को तैयार है। अमरीका ने भी कहा था कि उसे भारत, जापान व आस्ट्रेलिया के साथ चतुर्पक्षीय बैठक की अपेक्षा है।

मोदी और ट्रंप अपनी बैठक में दक्षिण एशिया समेत प्रशांत क्षेत्र के सुरक्षा परिदृश्य सहित साझा हितों के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर कर सकते हैं। ट्रंप ने हाल ही में भारत की आर्थिक स्थिति और प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ की थी। इस बीच प्रधानमंत्री मोदी ने उम्मीद जताई है कि उनकी इस यात्रा से फिलीपींस के साथ भारत के द्विपक्षीय रिश्तों को भी नया बल मिलेगा और आसियान देशों के साथ उसके राजनीतिक, आर्थिक व सामाजिक संबंध मजबूत होंगे।

Published on: