
नई दिल्ली। सभी बाधाओं को पार करते हुए आज महाबली फाइटर जेट रफाल ( Dassault Rafale ) भारतीय वायुसेना में आधिकारिक रूप से शामिल हो गया। इसके बाद देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में सुरक्षा के साथ-साथ, आर्थिक मजबूती और जियो-स्ट्रैटजिक मुद्दे हमारे सामने उभरकर आ रहे हैं। इन सभी समस्याओं से पार पाते हुए आज भारत और फ्रांस एक स्थायी और अटूट संबंध बनाने में सफल हुए हैं।
रफाल दुश्मन देश के लिए महाकाल
उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र के विस्तार और आतंकवाद के मुद्दे पर फ्रांस का भारत को हमेशा साथ मिला है। राजनाथ सिंह ने फ्रांस के रक्षा मंत्री फ्लोरेंस पार्ली का भारत का आभार जताते हुए कहा कि रफाल का भारतीय वायुसेना में आधिकारिक तौर पर शामिल होना उन देशों के लिए चेतावनी है जो हमारी सुरक्षा और संप्रभुता को खतरे में डालने के लिए हमेशा से प्रयासरत हैं।
उन्होंने कहा कि हमारी संप्रभुता की ओर उठी निगाहों के लिए रफाल का वायुसेना में शामिल होना बहुत बड़ा सख्त संदेश है। उन्होंने हाल के दिनों में भारतीय सीमा पर जारी तनाव का जिक्र करते हुए कहा कि रफाल का देश की रक्षा तंत्र का अभिन्न हिस्सा बनना बहुत महत्वपूर्ण है।
मोदी सरकार के कमिटमेंट का प्रमाण
महाबली रफाल देश की अखंड भारत के लिए सरकार के कमिटमेंट का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ भारत को भी बदलने की जरूरत है। आज जिस ताकत को हम लोग देख पा रहे हैं वो पीएम मोदी की मजबूत इच्छाशक्ति का प्रतीक है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि हमारा मकसद विश्व शांति को बढ़ावा देना है। हम अपनी ओर से कभी भी कोई कदम नहीं उठाएंगे जिससे संपूर्ण विश्व की शांति भंग हो।
भारत के लिए रफाल अहम क्यों?
दरअसल, फ्रांस निर्मित फाइटर जेट रफाल 55,000 फीट से हमला करने में सक्षम है जो अपने साथ उड़ान में 16 टन बम और मिसाइल ले जा सकता है। यह फाइटर जेट दुश्मनों के घर में घुसकर तबाही बरपाने वाला फाइटर जेट है। यह मल्टी डायरेक्शनल राडार से भी लैस है। युद्ध के मैदान में रफाल की नजर से कोई बच नहीं सकता।
रफाल फाइटर जेट एक साथ 40 लक्ष्यों को निशाना बनाने में सक्षम है। रफाल की गति 2200 किलोमीटर प्रति घंटे की है। यह लेजर गाइडेड बम और तीन तरह की घातक मिसाइलों की ताकत से लैस है। रफाल इंट्रीग्रेटेड सेल्फ प्रोटेक्शन सिस्टम के साथ फ्रांस से भारत आया है।
यह विमान दुश्मन देश के राडार को जाम करने में भी सक्षम है। इसमें लगे कैमरे का वजन 1000 किलोग्राम है। दुश्मन देश पर रफाल परमाणु हमला करने में भी सक्षम है।