दिल्लीवासियों को मिली नई सौगात, शिव विहार से लेकर त्रिलोकपुर के लिए शुरू हुई पिंक मेट्रो लाइन।
नई दिल्ली। मेट्रो का सफर करने वाले दिल्लीवासियों के लिए बुधवार से एक और लाइन शुरू हो गई। इस लाइन की शुरुआत के साथ ही अब नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली में लगने वाले भयंकर ट्रैफिक जाम से रोज जूझने वाले लोगों राहत मिलेगी। मेट्रो की पिंक लाइन का नया सेक्शन पैसेंजर सर्विस के लिए खुल गया है। इसका उद्घाटन केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसौदिया ने हरी झंडी दिखाकर किया। लोग मेट्रो के जरिए शिव विहार से लेकर त्रिलोकपुरी-संजय झील तक यात्रा कर सकेंगे। इस दौरान वेलकम, कड़कड़डूमा और आनंद विहार स्टेशनों पर लोग रेड और ब्लू लाइन की मेट्रो पर इंटरचेंज भी कर सकेंगे।
इन इलाके के लोगों को मिलेगी राहत
पिंक लाइन की शुरुआत के साथ ही यमुनापार के मौजपुर, बाबरपुर, गोकलपुरी, जाफराबाद, वेलकम जैसे घनी आबादी वाले इलाकों में रहने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी। साथ ही ईस्ट दिल्ली का भी काफी सारा नया हिस्सा मेट्रो से कनेक्ट हो जाएगा। इनमें आनंद विहार, आईपी एक्सटेंशन, विनोद नगर, मंडावली, मयूर विहार फेज-२, त्रिलोकपुरी जैसे कई इलाके शामिल हैं।
2 बजे से लोगों के लिए उपलब्ध
बुधवार की सुबह 10 बजे केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने मेट्रो भवन से हरी झंडी दिखाकर इस सेक्शन का औपचारिक तौर पर उद्घाटन किया। इसके बाद दोपहर 2 बजे से इस सेक्शन को आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा।
कुल 15 स्टेशन बनाए
शिव विहार से त्रिलोकपुरी/संजय झील के बीच बने इस 17.86 किमी लंबे सेक्शन पर कुल 15 नए स्टेशन बनाए गए हैं। इनमें त्रिलोकपुरी/संजय झील, ईस्ट विनोद नगर-मयूर विहार फेज-2, मंडावली-वेस्ट विनोद नगर, आईपी एक्सटेंशन, आनंद विहार आईएसबीटी, कड़कड़डूमा, कड़कड़डूमा कोर्ट, कृष्णा नगर, ईस्ट आजाद नगर, वेलकम, जाफराबाद, मौजपुर-बाबरपुर, गोकलपुरी, जौहरी एनक्लेव और शिव विहार शामिल हैं।