
नई दिल्ली। भारत में कोरोनावायरस ( coronavirus in India ) का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। कोरोना के बढ़ते खतरे के बीच देश में 21 दिन का लॉकडाउन ( Lock Down ) चल रहा है। मोदी सरकार ( Modi Govt ) और राज्य सरकारें लगातार इस घातक वायरस से निपटने में जुटी हुई हैं। सरकारों के साथ-साथ डॉक्टर भी कोरोना के मरीजों को ठीक कर घर भेजने के लिए दिन-रात जंग लड़ रहे हैं।
ऐसे में इन धरती भगवानों के लिए दिल्ली सरकार ने बड़ा कदम उठाया है।
दिल्ली के लोकनायक अस्पताल और जीबी पंत अस्पताल में काम करने वाले सभी डॉक्टरों के लिए अब सरकार की ओर से रहने की व्यवस्था की जाएगी। यही नहीं सरकार ने डॉक्टरों समेत पूरे स्टाफ के लिए दो शिफ्ट लगाई हैं। अब डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ आदि सुबह 8 से शाम 6 और दूसरी शिफ्ट शाम 6 से सुबह 8 बजे तक काम करेंगे।
इसके लिए सरकार ने होटल ललित में करीब 100 कमरे बुक करने के आदेश दिए गए हैं।
कोरोना के मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। राजधानी दिल्ली के डॉक्टर इस महामारी से बचाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। ऐसे में दिल्ली सरकार ने इन डॉक्टरों के ठहरने के लिए बड़ा कदम उठाया है।
प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, जिला अधिकारी को आदेश दिए गए हैं कि वो दिल्ली को होटल ललित में सौ कमरों की व्यवस्था करें, ताकि ड्यूटी कर रहे डॉक्टरों को वहां पर रखा जा सके।
मकान मालिकों से परेशानी के बाद उठाया कदम
दरअसल पिछले कुछ दिनों से लगातार ये खबरें आ रही है कि कई मकान मालिक अपने घरों में किराए पर रह रहे रेजिडेंट डॉक्टरों को मकान खाली करने या घुसने नहीं दे रहे हैं।
ऐसे में डॉक्टरों के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। हालांकि इसको लेकर सरकार की ओर से कड़े निर्देश भी जारी किए गए हैं कि ऐसे मकान मालिकों पर तुरंत एक्शन लिया जाएगा जो किराएदारों को परेशान कर रहे हैं।
लेकिन इस बीच डॉक्टरों के रुकने के लिए दिल्ली सरकार ने होटल ललित में 100 कमरे बुक किए हैं। ऐसे में दो बड़े अस्पतालों के डॉक्टरों को फिलहाल इन कमरों में ठहराया जाएगा।
डॉक्टरों को भी सेल्फ आइसोलेशन की जरूरत
कोरोना के मरीजों का इलाज कर रहे डॉक्टरों को भी सेल्फ आइसोलेशन की जरूरत होती है। ताकि वे खुद को फिट रख सकें।
आपको बता दें कि यूपी सरकार डॉक्टरों के लिए इस तरह का फैसला पहले ही ले चुकी है। यूपी सरकार ने भी डॉक्टरों के लिए फाइव स्टार होटलों का अधिग्रहण किया है ताकि डॉक्टरों को सही जगह मुहैया करवाई जा सके।
इन होटलों में बुक किए कमरे
यूपी सरकार ने लखनऊ के होटल हयात, होटल फेयरफील्ड, होटल पिकाडली और होटल लेगन ट्री का अधिग्रहण किया है, यहां डॉक्टरों और पैरामैडिकल के स्टाफ को क्वारनटीन किया जाएगा।