
नई दिल्ली। गोवा राज्य निर्वाचन आयुक्त चोखा राम गर्ग ने सोमवार को गोवा की 11 नगरपालिका परिषद और एक नगर निगम के लिए तय चुनाव कार्यक्रमों की घोषणा की। उन्होंने बताया कि गोवा में नगर निगम चुनाव 20 मार्च को होंगे। यह चुनाव 2020 में ही होना था लेकिन मतदान कोरोना महामारी के कारण स्थगित कर दिए गए थे।
गोवा के निर्वाचन आयुक्त चोखा राम गर्ग ने मीडिया को बताया कि 11 नगरपालिका परिषदों और पणजी शहर के निगम के चुनाव 20 मार्च को सुबह 8 से शाम 5 बजे के बीच होंगे। जबकि कोरोना पॉजिटिव रोगियों को शाम 4 से 5 बजे के बीच मतदान करने की अनुमति होगी। चुनाव अधिकारी ने इस बात की भी जानकारी दी कि एक ही दिन में एक नगरपालिका परिषद वार्ड और 22 पंचायत वार्डों के लिए उपचुनाव भी होंगे।
चुनाव में 3.10 लाख मतदाता मतदान अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। बीजेपी ने हाल ही में हुए जिला पंचायत चुनावों में जीत हासिल की थी। सत्तारूढ़ दल ने 39 में से 33 सीटें जीती थीं।