
Heavy Rain in Ambikapur, घुटरापारा में बाल्टी से पानी बाहर निकालते बच्चे, कुंडला सिटी भी लबालब (Photo- Patrika)
अंबिकापुर। शहर की पॉश कॉलोनी कुंडला सिटी में फिर पानी भर (Kundala City Ambikapur) गया है। रात भर हुई झमाझम बारिश के बाद पूरी कॉलोनी तालाब में तब्दील हो गई। इससे नगर निगम के व्यवस्था की पोल खुल गई। कॉलोनी निवासी शुभम अग्रवाल ने बताया कि पिछले साल कुंडला सिटी में इतना भयानक जलभराव हुआ था कि 50 से 60 गाडिय़ां पानी में डूबकर खराब हो गई थीं, जिसका नुकसान आज तक लोगों को नहीं मिला। इधर शहर के घुटरापारा में कई मकानों में पानी भर गया। बारिश का पानी हॉल, कमरों से लेकर किचन तक घुटने भर भरा रहा। ऐसे में स्कूल छोडक़र बच्चे बाल्टी से पानी बाहर निकालते दिखे। घुटरापारा में सडक़ें भी लबालब भरी रहीं।
बता दें कि कुंडला सिटी में पिछले साल कमर तक पानी भर गया था। ऐसे में कई कारें समेत वाहन के अलावा घर में रखे सामान खराब हो गए थे। इस बार भी कॉलोनी में पानी भर गया है, हालांकि घरों में पानी नहीं घुसा, इससे लोग राहत की सांस ले रहे हैं। कॉलोनी के लोगों का कहना है कि अग्रसेन चौक तरफ से शहर का पूरा पानी (Rain in Ambikapur) ढलान होने के कारण कुंडला सिटी कॉलोनी में घुसता है।
साथ ही अयान मार्ग का पानी रोड क्रॉस करते हुए रिलायंस पेट्रोल पंप से सीधे कुंडला में प्रवेश कर जाता है। शहर की सडक़ों में दोनों तरफ नाली नहीं होने से पानी गटर में जाने के बजाय सीधे कॉलोनी में आ जाता है, जो कुंडला सिटी के रहवासियों और दुकान संचालकों के लिए नुकसानदेह साबित हो रहा है।
शुभम का कहना है कि कुंडला सिटी के पीछे जहां से पानी निकलता था, वहां नई प्लॉटिंग और मकान बनने शुरू हो गए हैं, जिससे भविष्य में स्थिति और भी गंभीर होगी। रहवासियों ने निगम प्रशासन से स्थायी ड्रेनेज सिस्टम बनाने की मांग की है।
कॉलोनी के अध्यक्ष दिनेश अग्रवाल ने बिल्डर पर भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कानूनी रूप से बिल्डर द्वारा पानी निकासी की व्यवस्था, वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था नहीं की गई। नालियां बहुत छोटी बनाईं गईं हैं। निकासी को बस कुंडला से बाहर छोड़ दिया गया, आगे कोई पक्का नाला ही नहीं बनाया। बिल्डर ने पूरी कॉलोनी बेच दी और अब कोई शिकायत करता है तो कहा जाता है कि आपको अच्छा नहीं लग रहा तो मकान वापस देकर पैसे ले जाओ।
इधर शहर के घुटरापारा के दर्जनों मकानों में बारिश का पानी (Rain water entered in houses) भर जाने से वहां रहने वाले लोगों के सामने समस्या खड़ी हो गई है। बारिश का पानी हॉल से लेकर किचन तक घुस गया। ऐसे में वहां रखे अनाज से लेकर अन्य सामान को नुकसान पहुंचा। एक घर में 3 बच्चे बाल्टी से पानी बाहर निकालते दिखे।
Updated on:
02 Sept 2026 09:21 pm
Published on:
02 Sept 2026 09:21 pm
