दिल्ली हिंसा की जांच स्पेशल सेल भी कर रही है। दिल्ली पुलिस कमिश्नर जांच को लेकर अन्य पहलुओं पर भी कर रहे हैं विचार।
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने गणतंत्र दिवस पर हिंसा मामाले में दर्ज 33 एफआईआर में से 9 क्राइम ब्रांच को जांच के लिए सौंप दिए हैं। अब समयपुर बदली, कोतवाली, इंद्रप्रस्थ, नांगलोई, बाबा हरिदास नगर, नजफगढ़ थानों में दर्ज हुए मामलों की जांच क्राइम ब्रांच की टीम करेगी।
बता दें कि दिल्ली हिंसा की जांच क्राइम ब्रांच के साथ स्पेशल सेल भी कर रही है। इसके अलावा 44 लोगों के खिलाफ लुक आउट नोटिस पहले से ही जारी है। वहीं आगे की रणनीति बनाने के लिए दिल्ली पुलिस कमिश्नर एसएन श्रीवास्तव इंटेलिजेंस विंग के तमाम बड़े अधिकारियों के साथ दिल्ली पुलिस हेडक्वाटर में हाई लेवल मीटिंग लगातार कर रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक इस मीटिंग में गणतंत्र दिवस के दिन दिल्ली में ट्रैक्टर रैली के दौरान हुई साजिश की तह तक पहुंचने का एक्शन प्लान तैयार किया जा रहा है। इसके संबंध में दिल्ली पुलिस द्वारा दर्ज तमाम एफआईआर को एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम बनाकर तफ्तीश को आगे बढ़ाने के निर्णय पर भी विचार किया जा रहा है।