
नई दिल्ली। पिछले दो माह से लगातार बर्फबारी के कारण बंद रहने के बाद रणनीतिक दृष्टि से अहम श्रीनगर-लेह राजमार्ग रविवार को फिर से लोगों के लिए खोल दिया गया। यह राजमार्ग कश्मीर घाटी और लद्दाख के बीच एकमात्र सतह लिंक है, जो लद्दाख के लोगों के आर्थिक विकास और सुरक्षा बलों के लिए आवश्यक सामग्री आपूर्ति के लिए एक लाइफलाइन है।
बीआरओ के लिए बड़ी चुनौती
ठंड के मौसम में जोजिला दर्रे पर लगातार बर्फबारी के बाबजूद इसे 58 दिनों के अंतराल के बाद खोल दिया गया। हिमस्खलन, खराब मौसम और भारी बर्फ जमा होने के खतरों के कारण सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के लिए इस मार्ग को खोलना एक बड़ी चुनौती है। इसके बावजूद बीआरओ ने यह रिस्क लिया है।
इस बार सबसे कम समय में खुला जोजीला दर्रा
बीआरओ महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल राजीव चौधरी ने कहा कि यह पहली बार है कि जोजिला दर्रा इतनी जल्दी खोला गया है। यह लद्दाख को कश्मीर से जोड़ेगा। इससे क्षेत्र में तैनात लोगों एवं सैनिकों को बहुत लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि बीआरओ खराब मौसम और हिमपात की सभी चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार है।