आज से बदलेगी हवा की रफ्तार और दिशा। 6 नवंबर के बाद बारिश की संभावना। दिल्ली की आबोहवा में हो सकता है सुधार।
नई दिल्ली। वायु प्रदूषण से बिगड़ते राजधानी दिल्ली के हालात जल्द कुछ बेहतर हो सकते हैं। गैस चैंबर में तब्दील हो चुकी दिल्ली को बारिश राहत दे सकती है। भारतीय मौसम विभाग ने शनिवार को बताया कि राजधानी दिल्ली में 6 नवंबर के बाद बारिश हो सकती है। इसकी वजह इस क्षेत्र में हवा का तेज होता बहाव है।
दरअसल, दिल्ली की आबोहवा बिगड़ चुकी है और वायु प्रदूषण का स्तर बहुत ही ज्यादा खतरनाक हो चुका है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हालात में सुधार के लिए आगामी 4 नवंबर से फिर से ट्रैफिक का ईवन-ऑड सिस्टम लागू करने की घोषणा कर दी है।
दिल्ली के बिगड़ते हालात की वजह दिवाली के पटाखों से निकला धुआं ही नहीं हरियाणा-पंजाब समेत आसपास के प्रदेशों के खेतों में जलाई जाने वाली पराली भी है। सरकार की तमाम कोशिशों के बावजूद किसान पराली जलाने से बाज नहीं आ रहे। खतरनाक हालात को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट भी इस मामले पर सुनवाई को तैयार हो गया है।
ऐसे में बारिश स्पष्ट रूप से बड़ी राहत से कम नहीं हैै। इस संबंध में भारतीय मौसम विभाग के अधिकारी केवी सिंह ने कहा, "वर्तमान में दिल्ली में हवा तकरीबन नगण्य ही है। अब आज से हवा की रफ्तार में तेजी आने की संभावना है। 6 नवंबर के बाद हवा की दिशा बदलेगी और बारिश भी हो सकती है। इसके बाद काफी राहत मिलेगी।"
आज भी दिल्ली और इसके आसपास इलाकों में वायु की गुणवत्ता खतरनाक स्तर में बनी हुई है और प्रदूषण का स्तर अभी भी 400 के पास है।
गौरतलब है कि सुबह धूल-धुएं (स्मॉग) की मोटी पर्त की वजह से दृश्यता काफी कम हो गई और इससे लोगों को अपने दफ्तर तक जाने में परेशानी हुई। तमाम जगहों पर ट्रैफिक जाम मिला।
वहीं, दिल्ली सरकार ने वायु प्रदूषण को लेकर 'पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी' की घोषणा कर दी है। इसके साथ ही आगामी 5 नवंबर तक सभी स्कूलों को बंद रखने और निर्माण कार्य बंद करने का आदेश सुना दिया है।