विविध भारत

ट्विटर पर नहीं है ISRO प्रमुख के सिवन, फर्जी अकाउंट से बचने की सलाह

इसरो प्रमुख के सिवन का ट्विटर का अकाउंट नहीं है के सिवन के नाम से ट्विटर कई अकाउंट हैं एक्टिव

less than 1 minute read
k sivan

नई दिल्ली। 'रॉकेटमैन' के नाम से मशहूर ISRO प्रमुख के सिवन इन दिनों काफी चर्चा में हैं। मिशन चंद्रयान 2 को लेकर सिवन की चर्चाएं देश के साथ-साथ दुनियाभर में हो रही है। विक्रम लैंडर का ISRO से संपर्क टूटने के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की अफवाहें भी उड़ाई जा रही है।

सिवन के नाम से ट्विटर पर कई अकाउंट बनाए गए हैं और उनसे लगातार ट्वीट भी किए जा रहे हैं। लेकिन, इसरो ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए साफ कहा कि के सिवन का ट्विटर पर कोई ऑफिशियल अकाउंट नहीं है।

इसरो का कहना है कि के. सिवन ट्विटर पर नहीं हैं और उनके नाम से चल रहे अकाउंट पूरी तरह से फेक हैं। इसरो का कहना है कि सोशल मीडिया पर के. सिवन के नाम से कई अकाउंट बनाए गए हैं, जिन पर उनकी तस्वीर भी लगी हुई है।

इसरो का कहना है कि के. सिवन का सोशल मीडिया पर कोई पर्सनल अकाउंट नहीं है। ऐसे में इन अकाउंट्स से जो भी बातें साझा की जा रही हैं, उनकी कोई पुष्टि नहीं है। लिहाजा, इस तरह के अकाउंट से बचें और उनकी जानकारी पर भरोसा नहीं करें।

गौरतलब है कि के सिवन की अगुवाई में ही इसरो ने कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं और उन्हीं की अगुवाई में चंद्रयान-2 का मिशन आगे बढ़ा। 7 सितंबर की रात जब चंद्रयान-2 में कुछ गड़बड़ी आई तो के. सिवन का मनोबल टूटा हुआ था।

तब खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका हौसला बढ़ाया था और इसे एक बड़ी कामयाबी बताई थी। फिलहाल, इसरो की टीम विक्रम लैंडर से संपर्क करने की कोशिश में है। के सिवन ने खुद कहा है कि अगामी 14 दिनों तक विक्रम लैंडर से संपर्क करने की कोशिश की जाएगी।

Published on:
09 Sept 2019 06:35 pm