
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटने के बाद से पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान की हुकूमत और वहां बैठे आतंकी लगातार छटपटा रहे हैं। आए दिन आतंकियों और वहां की सरकार की बौखलाहट पूरी दुनिया देख रही है। पाकिस्तान की सरकार और वहां के आतंकी हिंदुस्तान से बदला लेने की आग में झुलस रहे हैं और इसीलिए आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) ने पीएम मोदी और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल पर बड़े हमले का प्लान तैयार किया है। हैरानी वाली बात ये है कि इस प्लान में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई का एक मेजर भी आतंकियों की मदद कर रहा है।
जैश के आतंकियों के बीच हुई बातचीत से हुआ साजिश का खुलासा
एक विदेशी खुफिया एजेंसी ने ये जानकारी भारत में इंटेलिजेंस एजेंसी को दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक विदेशी खुफिया एजेंसी को जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों के बीच हुई बातचीत से इस साजिश का पता चला है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीएम मोदी और अजित डोभाल पर आतंकी हमले के लिए जैश-ए-मोहम्मद खतरनाक आतंकियों की एक टीम तैयार कर रहा है और इस काम में आईएसआई का एक मेजर आतंकियों की मदद कर रहा है।
हिंदुस्तान के ये शहर हाई अलर्ट पर
विदेशी खुफिया एजेंसी से मिली जानकारी के मुताबिक, जैश ने पीएम मोदी और डोभाल पर सितंबर के महीने में बड़ा हमला करने की योजना बनाई है। इस जानकारी के बाद तो भारत में सभी सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हो गई हैं। इस इनपुट के आधार पर जम्मू, अमृतसर, पठानकोट, जयपुर, गांधीनगर, कानपुर और लखनऊ समेत कुल 30 शहरों को अलर्ट पर रखा गया है। साथ ही इन शहरों में पुलिस की चौकसी भी बढ़ा दी गई है। पूरी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा खुद एनएसए डोभाल की निगरानी में है।
जैश के ठिकानों पर ही हुई थी एयरस्ट्राइक
आपको बता दें कि जैश की ये बौखलाहट जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटने को लेकर है। इसके अलावा पिछले कुछ समय में घाटी के अंदर हिंदुस्तान के सुरक्षाबलों ने जैश के आतंकियों के चुन-चुनकर मारा है। यही वजह है कि जैश अब बदला लेने की फिराक में है। हिंदुस्तान की फौज ने बालाकोट में भी घुसकर एयरस्ट्राइक के जरिए जैश ए मोहम्मद के आतंकी ठिकानों को तहस-नहस किया था।