
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों का आतंकवादी संगठन से जुड़ जाने का सिलसिला जारी है। पिछले दिनों पीडीपी विधायक की सुरक्षा में तैनात एसपीओ जवान के भाग जाने की खबर सामने आई थी। ये एसपीओ जवान साथ में सात एके-47 राइफल भी लेकर फरार हुआ था। अब खबर आई है कि वो एसपीओ जवान हिजबुल मुजाहिद्दीन में शामिल हो गया है। सोशल मीडिया पर एक तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें एसपीओ आदिल बशीर हिजबुल के आतंकियों के साथ नजर आ रहा है। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
हिजबुल मुजाहिद्दीन में शामिल हुआ एसपीओ जवान
सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर हो रही इस फोटो को देखकर ही ये कहा जा रहा है कि एसपीओ आदिल बशीर हिजबुल में शामिल हो गया है। इस तस्वीरे में चार और आतंकवादियों को भी देखा जा सकता है, जो हथियारों के साथ नजर आ रहे हैं। चारों आतंकियों के बीच आदिल बशीर भी नजर आ रहा है।
सात एके-47 राइफल लेकर हुआ था फरार
आपको बता दें कि आदिल बीते दिनों पीडीपी विधायक अहमदर मीर के श्रीनगर स्थित आवास से लापता हो गया था। वो अहमद मीर की सुरक्षा में ही तैनात था। आदिश अपने साथ सात एके-47 राइफल लेकर फरार हुआ था। जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम को बशीर, मीर के घर पर साफ-सफाई के लिए आया था। इसी दिन मीर को घर वापस लौटना था। उसी शाम बशीर सात एके-47 राइफल्स के साथ फरार हो गया। एके-47 के अलावा उसने मीर की लाइसेंसी पिस्तौर भी चुरा ली थी।
पिछले कुछ समय में घाटी में बढ़ी हैं ऐसी घटनाएं
जम्मू कश्मीर पुलिस के चीफ डीजीपी दिलबाग सिंह ने बताया कि पुलिस को उन लोगों के बारे में कुछ जानकारी मिली है, जिन्होंने इस काम में मीर की मदद की होगी। आपको बता दें कि पिछले कुछ सालों से घाटी से इस तरह की खबरें लगातार आती रही हैं, जहां पुलिसकर्मी और एसपीओ हथियारों के साथ गायब हो गए और बाद में उनके किसी आतंकी संगठन के साथ जुड़ने की खबरें आईं। लेकिन यह पहला मौका है जहां पर कोई एसपीओ इतने भारी तादाद में हथियारों के साथ गायब हो गया था। जम्मू कश्मीर में इस समय करीब 30,000 एसपीओ हैं।