विविध भारत

अलकायदा आतंकियों की सूचना दें और इनाम पाएं

कोलकाता पुलिस ने फेसबुक पेज पर तीन आतंकियों की तस्वीर सहित मैसेज किया, बंगाल में छुपे होने का अंदेशा
2 min read
• •
Updated: 26 Nov 2017, 8:53 PM IST
Feature image

कोलकाता। कोलकाता पुलिस आतंकियों को पकड़ने के लिए इनाम की घोषणा की है। पुलिस ने महानगर अथवा राज्य में छुपे अलकायदा के तीन और आतंकियों तीमम, नयन गांजी और मोहम्मद आफताब खान उर्फ उमर फारुक के बारे में सूचना देने वालों को पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस ने अपने फेसबुक पेज पर तीनों की तस्वीर सहित एक मैसेज पोस्ट किया है।

100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को दे जानकारी

साथ ही इस मैसेज को अधिक से अधिक लोगों को शेयर करने का अनुरोध किया है। लोग फेसबुक पेज के इन बॉक्स अथवा ‘डायल-100’ पर फोन कर पुलिस कंट्रोल रूम को जानकारी दे सकते हैं। कोलकाता पुलिस सूचना देने वाले का नाम व पता गुप्त रखेगी। गुप्त ढंग से उसे पुरस्कृत भी करेगी। कोलकाता पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने गत मंगलवार को कोलकाता रेलवे स्टेशन से अलकायदा के फ्रंटल ऑर्गनाइजेशन ‘आंसारुल बांग्ला टीम ’ के शमशाद मियां और रियाजुल इस्लाम नामक दो आतंकियों को गिरफ्तार किया था।

आतंकी ने किया इन तीनों का खुलासा

वहीं उनसे मिली सूचना के आधार पर शुक्रवार को पुलिस ने सियालदह जगत सिनेमा के नजदीक से शहादत हुसैन नामक आतंकी (स्लीपर सेल सदस्य) को गिरफ्तार किया था। शहादत से पूछताछ में इन तीनों आतंकियों के बारे में एसटीएफ को पता चला था। एसटीएफ का अनुमान है कि ये तीनों आतंकी अब भी कोलकाता अथवा भारत-बांग्लादेश सीमा से सटे इलाकों में कहीं छुपे हुए हैं।

यहां गौर करने वाली बात ये है कि बीते मंगलवार को जब बांग्लादेश के एक प्रतिबंधित आतंकी संगठन के दो संदिग्ध सदस्यों और उनके एक भारतीय साथी एसटीएफ ने गिरफ्तार किया था। तब एसटीएफ के उपायुक्त मुरलीधर शर्मा ने बताया था कि बांग्लादेश के सिलहट के रहने वाले शमशाद मियां उर्फ तनवीर सैफुल उर्फ तुषार विश्वास और खुलना के रहने वाले रिजाउल इस्लाम उर्फ रियाज डेढ़ साल पहले ही भारत में घुस आये थे। शमशाद एक इंजीनियर है और उसके पास से तुषार विश्वास नाम का पैन कार्ड मिला है। साथ ही कई आधार कार्ड और हाथ से लिखी कई पर्चियां मिली हैं। जिनमें शहर के कुछ खास जगहों के नाम लिखें हैं।

Published on: