केंद्रीय राज्य मंत्री एमजे अकबर पर देश की कई महिला पत्रकारों ने छेड़छाड़ व यौन दुर्व्यवहार के आरोप लगाए हैं
नई दिल्ली। #MeToo कैंपेन के तहत केंद्रीय राज्य मंत्री एमजे अकबर पर कई महिलाओं ने यौन दुर्व्यवहार के आरोप लगाए हैं। इस बीच एमजे अकबर से मिलने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल मिलने पहुंचे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विदेश राज्य मंत्री एमजे अकबर से दिल्ली में एनएसए अजीत डोभाल ने मुलाकत की। हालांकि कहा यह जा रहा है कि यह मुलाकात एक रूटीन विजीट है। बता दें कि एमजे अकबर रविवार को अफ्रीका दौरे से लौटे हैं। इसी दौरे के सिलसिले में यह मुलाकात हुई है। बता दें कि एमजे अकबर पर देश की कई महिला पत्रकारों ने छेड़छाड़ व यौन दुर्व्यवहार के आरोप लगाए हैं। आरोपों के वक्त एमजे अकबर देश से बाहर थे और उनकी किसी तरह की प्रतिक्रिया नहीं आई थी। लेकिन देश लौटने के बाद उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों को पूरी तरह से बेबुनियाद और आधारहीन बताया।
18 अक्टूबर को होगी सुनवाई
विदेश राज्यमंत्री एमजे अकबर ने सोमवार को दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में प्रिया रमानी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 499 और 500 के तहत आपराधिक मानहानि का मामला दर्ज कराया है। इस मामले पर 18 अक्टूबर (गुरुवार) को सुनवाई होगी। अकबर द्वारा केस दर्ज कराने पर प्रिया रमानी ने कहा कि अकबर अनेक महिलाओं द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों का सामना करने के बजाय धमकी और उत्पीड़न के माध्यम से मुंह बंद कराना चाहते हैं। लेकिन मुकदमे का सामना करुंगी। बता दें कि प्रिया रमानी ने केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री एम जे अकबर पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। अकबर पर 'मीटू' अभियान के जरिए यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली कई महिलाओं में प्रिया रमानी भी शामिल हैं। इन महिलाओं का आरोप है कि द एशियन एज और अन्य प्रकाशनों के संपादक की हैसियत से अकबर ने उनका यौन-उत्पीड़न किया।