
नई दिल्ली। भारतीय रेलवे के लिए खाने की गुणवत्ता लंबे समय से एक बड़ी समस्या रही है। यात्रियों को हमेशा से ही रेलवे के खाने पर भरोसा नहीं रहा है। यात्रियों की तरफ से खाने की गुणवत्ता को लेकर अक्सर शिकायतें होती रही हैं। हालांकि रेलवे ने समय-समय पर इस समस्या को दूर करने के लिए ठोस कदम उठाए हैं, लेकिन तस्वीर नहीं बदली। अब रेल मंत्री पीयूष गोयल ने बड़ा कदम उठाया है। रेल मंत्री ने इंडियन रेलवे की किचन की लाइव स्ट्रीमिंग का ऐलान किया है। यानि कि अब रेलवे की किचन में क्या खाना और कैसे बन रहा है इसका सीधा प्रसारण अपने मोबाइल पर देखा जा सकेगा। आपको बता दें कि यात्रियों का रेलवे के खाने की गुणवत्ता पर से लगातार भरोसा उठता ही जा रहा था, जिसको ध्यान में रखते हुए ये फैसला लिया गया है।
मोबाइल और लैपटॉप पर देख सकते हैं लाइव स्ट्रीमिंग
इंडियन रेलवे की तरफ से ये सिस्टम शुरू भी कर दिया गया है। लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए आप अपनी आंखों से देख सकते हैं कि रेलवे की कैंटीन में किस तरीके से आपके लिए खाना बनाया जाता है और कैसे उनकी पैकिंग की जाती है। रेलवे के किचन की साफ-सफाई सब कुछ आप अपने घर में बैठे-बैठे देख सकेंगे। रेलवे की किचन की लाइव स्ट्रीमिंग को आप अपने मोबाइल या फिर लैपटॉप पर बड़े आराम से देख सकेंगे। हालांकि फिलहाल यह व्यवस्था पायलट स्तर पर शुरू की गई है।
लाइव वीडियो देखने का ये प्रोसेस
रेलवे में सफर करने वाले हर यात्री को ये जानना जरूरी है कि आखिर किचन की लाइव स्ट्रीमिंग को देख सकते हैं। रेलवे के किचन की लाइव स्ट्रीमिंग देखने के लिए आपको आईआरसीटीसी की वेबसाइट IRCTC .co.in पर जाना है। आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर आपको 'गैलरी' का एक विकल्प मिलेगा, जिस पर क्लिक करना है। जैसे ही आप इस इस विकल्प पर क्लिक करेंगे आपके सामने एक नया पेज खुलेगा। इस पेज पर पहुंचने के बाद आपको वीडियो का विकल्प चुनना है। इसके बाद 'Click Here For live streaming of IRCTC Kitchens - Pilot' का ऑप्शन मिलेगा। इसके बाद किचन की लाइव वीडियो आपके सामने खुलकर आ जाएगी।
देख सकते हैं हर जोन के किचन का लाइव वीडियो
आपके सामने रेलवे के सभी जोन के किचन के वीडियो के विकल्प खुल जाएंगे। हर वीडियो के नीचे उस किचन और जोन का नाम लिखा होगा। अब आप घर में बैठे-बैठे जिस किसी भी जोन का वीडियो देखना चाहेंगे वो लाइव देख सकेंगे। वीडियो में दिख जाएगा कि आखिर खाना कैसे बनाया जा रहा है।