
हिसार। आज के समय में भले ही कई एयरलाइंस कंपनियों ने घरेलू विमान यात्रा को काफी सस्ता कर दिया हो, लेकिन आज भी कई इलाके ऐसे हैं, जहां हवाई जहाज में बैठना तो दूर लोग इसके बारे में सोच भी नहीं सकते। ऐसे ही एक गांव का जिक्र हम यहां कर रहे हैं, जो कि हरियाणा के हिसार जिले में हैं। सांगरपुर गांव के 22 बुजुर्गों ने हाल ही में हवाई जहाज का सफर किया है, जिसके बाद इन लोगों की खुशी का कोई ठिकाना नहीं है, क्योंकि ये लोग अपने जीवन में गांव की सीमा से बाहर तक नहीं गए थे। ये गांव हिसार के शहरी क्षेत्र से करीब 15 किलोमीटर दूर है।
गांव के ही एक युवा ने 22 बुजुर्गों को कराई हवाई यात्रा
सांगरपुर गांव में एक ऐसा वाकया देखने को मिला है, जिस पर आज के समय में शायद ही कोई यकीन कर पाए। दरअसल, इस गांव के ही रहने वाले एक युवा विकास बिश्नोई हाल ही पायलट बने हैं। इंडिगो एयरलाइंस में उनकी नौकरी लगी है। विकास बिश्नोई ने अपनी नौकरी का जश्न मनाने के लिए गांव के ही 22 बुजुर्गों को दिल्ली से अमृतसर की तक की हवाई यात्रा कराई। इसमें कई महिलाएं और पुरुष शामिल हैं। इन लोगों ने स्वर्ण मंदिर, वाघा बॉर्डर और जलियांवाला बाग की यात्रा की।
सबसे ज्यादा उम्र की जैता देवी का अनुभव जानिए
एक न्यूज वेबसाइट की खबर के मुताबिक, हवाई यात्रा करने वालों में सबसे ज्यादा उम्र की हैं जैता देवी, जो हवाई जहाज में यात्रा करने के बाद बेहद खुश हैं। छह बच्चों की मां जैता देवी बताती हैं कि तीन अक्टूबर से पांच अक्टूबर के बीच उन्होंने एक तरह से तीन-तीन जीवन जी लिया। वह बताती हैं, "पहली बार हवाई जहाज में बैठी थी, पहली बार सोने का मंदिर गई, वाघा सीमा पर भी गई जहां लोग भारत माता की जय के नारे लगा रहे थे।"
अब अगर मर भी जाऊं तो कोई गम नहीं- जैता देवी
जैता देवी का कहना है कि अगर आज वो मर भी जाती हैं तो जीवन में किसी इच्छा के बाकी रहने का अफसोस नहीं रहेगा। हवाई यात्रा करने वालों में 70 साल की ककरी देवी भी हैं जो कहती हैं, "मेरे खेतों से हवाई जहाज चिड़िया जैसा दिखता है लेकिन असली में वह 1000 हाथियों जितना बड़ा होता है।" वह ये भी बताती हैं कि जब पारंपरिक कपड़ों में इनका समूह विमान के अंदर पहुंचा तो दूसरे यात्री इन्हें अजीब नजरों से देख रहे थे। वह हंसते हुए कहती हैं, "वे लोग हमें घूर रहे थे, मैंने उनसे कहा कि हम लोग हरियाणा से हैं, हम अनाज और सैनिक उगाते हैं।" चार बच्चों के दादा बन चुके 78 साल के अमर सिंह कहते हैं, "जब जहाज़ ऊंचाई पर पहुंचा तो कान में थोड़ी मुश्किल हुई थी लेकिन कोई समस्या नहीं हुई थी। बादलों को देखकर मैं तो दस साल के बच्चे की तरह आनंद उठा रहा था।''
विकास बिश्नोई ने किया गांव के लोगों का सपना पूरा
गांव के सभी बुजुर्गों को यात्रा कराने वाले विकास बिश्नोई ने इसका पूरा खर्चा उठाया। विकास 2010 में व्यवसायिक पायलट बनने का कोर्स कैलिफ़ोर्निया से करके आए थे। गांव की बुर्जुग महिलाएं विकास से कहती थीं, "बेटा, अब तो यमराज से मिलने का टाइम आने वाला है, एक बार जहाज़ मैं तो बिठा दे।" विकास विश्नोई बताते हैं, "उनके लिए कामर्शियल पायलट का कोर्स पूरा करने का मतलब ये था कि मैं अगले दिन से जहाज़ उड़ाने लगा हूं। जब मुझे 2017 में नौकरी मिली, तब मैंने तय किया कि इन लोगों का सपना पूरा करना है।"