
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के संपाला में किसान नेता दीनबंधु छोटू राम की 64 फुट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया। पीएम ने कहा कि सर छोटू राम किसानों के मसीहा थे जिन्होंने उनके आर्थिक उत्थान के लिए अनेक सुधार कार्यक्रमों को लागू कराया और कई बार अंग्रेजों को नीतियां बदलने पर मजबूर कर दिया। प्रतिमा अनावरण के बाद के बाद एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम ने किसानों के लिए चलाई जा रही सरकारी योजनाओं को जनता के बीच चुनावी भाषण की तरह पहुंचाने की कोशिश की।
किसानों को मिल रहा अधिक न्यूनतम समर्थन मूल्य: मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि सरकार किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य देने के साथ ही उनके बेहतर स्वास्थ्य के उपाय भी कर रही है। किसानों को उनकी उपज की लागत से 50 प्रतिशत अधिक न्यूनतम समर्थन मूल्य दिया जा रहा है। पांच राज्यों में चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद हुई मोदी की इस सभा को लोकसभा चुनावों की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है।
साहूकारों से किसानों को मिली आजादी : पीएम
पीएम ने कहा कि किसानों को साहूकारों से आजाद कराने के लिए इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की शुरुआत की गई। इससे किसानों को घर पर ही बैंकिंग सेवा मिलेगी। किसानों को भरपूर पैदावार मिले इसके लिए उच्च गुणवत्ता के बीज और उर्वरक की उपलब्धता के साथ सिंचाई सुविधाओं का निरन्तर विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कृषि, खेल और सेना में हरियाणा के महत्वपूर्ण योगदान की चर्चा करते हुए कहा कि इससे न केवल देश बल्कि विदेशों में भी हरियाणा का मान-सम्मान बढ़ रहा है।
लखवार बांध समझौता का भी किया जिक्र
किसानों से सरकार की लुभावनी योजानाओं का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि लखवार बांध समझौता छह राज्यों के बीच किया गया है। इससे हरियाणा में सिंचाई सुविधा का विस्तार होगा। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी फसल पर होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू की गयी है जिसके तहत हरियाणा के किसानों के 600 करोड़ रुपए के दावों का भुगतान किया गया है।